चंडीगढ़ में उमस बढ़ने से लोग बेहाल
- फोटो : संवाद
चंडीगढ़ में मानसून के कमजोर पड़ने से उमस और गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। लोग राहत के लिए बारिश का इंतजार कर रहे हैं लेकिन इंतजार लंबा होता जा रहा है। आने वाले दिनों में भी बारिश की संभावना कम ही है। जुलाई में पड़ रही गर्मी ने पिछले दो साल का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है।
चंडीगढ़ मौसम केंद्र के अनुसार वीरवार को शहर का अधिकतम तापमान 38.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा। जबकि पिछले साल जुलाई के महीने में अधिकतम तापमान 22 जुलाई को 38 डिग्री सेल्सियस ही दर्ज किया गया था। वहीं, वर्ष 2022 में तो तापमान 38 डिग्री तक भी नहीं पहुंचा था। 20 जुलाई को अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था लेकिन इस बार 11 जुलाई को ही तापमान 38 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। आने वाले दिनों में बारिश होने की संभावना कम है इसलिए माना जा रहा है कि तापमान में अभी और बढ़ोतरी होगी। मौसम केंद्र ने शुक्रवार को बारिश की संभावना जताई है, हालांकि यदि शु्क्रवार को बरसात नहीं होती है तो उसके बाद अगले तीन-चार दिन फिर बारिश होने की संभावना काफी कम है। ऐसे में लोगों को गर्मी और उमस से जूझना पड़ेगा।
छोटे-छोटे स्पैल में हो रही बारिश
मौसम केंद्र के अनुसार शुक्रवार को भी शहर में बादल छा सकते हैं और हल्की बारिश भी हो सकती है लेकिन इसकी संभावना काफी कम है। इस बार अब तक के मानसून में बारिश के लंबे स्पैल नहीं, बल्कि छोटे-छोटे स्पैल में बादल बरस रहे हैं। शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है।
अगले चार दिनों का पूर्वानुमान
तारीख अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान
13 जुलाई 37 28
14 जुलाई 37 28
15 जुलाई 38 29
16 जुलाई 37 30