चंडीगढ़ में दो घंटे की बारिश से शहर की सड़कें एक बार फिर तालाब बन गईं। दो पहिया वाहन को छोड़िए कारें भी आधी डूब गईं। हालांकि अधिकारियों के पास फिर वही जबाव था कि अधिक बारिश होने से पाइप से पानी तेजी से नहीं निकल पाया और सड़क पर भर गया।
सेक्टर 36, 37, 40, 41, 34 के चौक पर काफी पानी भर गया था। मौसम विभाग के अनुसार चंडीगढ़ में पिछले 24 घंटे में 97 मिली मीटर बारिश हो चुकी है। वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसून सक्रिय हो गया है और अगले दो से तीन दिन अच्छी बारिश के आसार हैं। लोगों के लिए चुनौती यह है कि सुबह दफ्तर जाते समय उन्हें जाम से होकर गुजरना पड़ा। जगह-जगह जलभराव की समस्या हैं। कुछ इलाकों में पानी घरों के अंदर भी घुस गया है।
नौ जुलाई तक भारी बारिश की संभावना
मानसून आने के बावजूद शहर में पिछले कई दिनों से बारिश नहीं हो रही थी। इस वजह से उमस बढ़ गई थी। मंगलवार को भी दिनभर गर्मी और उमस से लोग बेहाल थे। मगर बुधवार सुबह हुई तेज बारिश ने लोगों को गर्मी से बड़ी राहत दी है। चंडीगढ़ मौसम केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है और गुरुवार और शुक्रवार को भी बारिश की संभावना है। उन्होंने बताया कि मानसून के सीजन में हमेशा बारिश नहीं होती। एंट्री के बाद मानसून कमजोर चल रहा था। विभाग के अनुसार छह जुलाई की रात से नौ जुलाई तक चंडीगढ़ समेत पंजाब और हरियाणा में तेज बारिश की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट की संभावना है।
अगले पांच दिन कैसा रहेगा तापमान
| दिन |
अधिकतम |
न्यूनतम |
| छह जुलाई |
36 |
29 |
| सात जुलाई |
36 |
30 |
| आठ जुलाई |
35 |
30 |
| नौ जुलाई |
33 |
29 |
| 10 जुलाई |
31 |
27 |
नोट- तापमान डिग्री सेल्सियस में है।