फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चंडीगढ़ : ठंड में हुआ मानसून जैसा अहसास, आज से मौसम होगा साफ, अभी सर्दी से राहत नहीं

Wed, 06 Jan 2021 12:24 AM IST
ajay kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
विज्ञापन
चंडीगढ़। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

मौसम में ऐसा बदलाव आया कि मंगलवार को शहरवासियों को कड़ाके की ठंड में मानसून जैसा अहसास हुआ। मंगलवार को घने बादलों के बीच तेज हवाएं चलती रहीं, लेकिन सर्दी का खास असर नहीं दिखा। शाम को शुरू हुई बारिश का सिलसिला देर रात तक जारी रहा। रात साढ़े आठ बजे तक तीन एमएम बारिश दर्ज की जा चुकी थी। 

विज्ञापन


मंगलवार को अधिकतम तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, लेकिन बारिश होने के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई। रात साढ़े आठ बजे तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। मौसम विभाग की ओर से बताया गया है कि बुधवार से मौसमी सिस्टम कमजोर पड़ने लगेंगे। इससे मौसम में सुधार आएगा। हालांकि तापमान में ज्यादा फर्क नहीं पड़ेगा। आठ जनवरी के आसपास रात के तापमान में गिरावट आ सकती है।

चार सालों में सबसे गर्म रही सोमवार की रात
मौसम में आए बदलाव से इस समय ठंड से राहत मिल गई है। दिन व रात के तापमान बढ़े हुए दर्ज किए जा रहे हैं। सोमवार की रात 14 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। जो पिछले चार सालों की सबसे गर्म रात रही है। इससे पहले साल 2017 में 14.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। साल 2018 में 10.2, साल 2019 में 11.9 और साल 2020 में 12.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकार्ड किया गया। इससे पहले सोमवार का दिन पिछले दस सालों में सबसे गर्म रिकार्ड किया गया था। सोमवार को अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था।

विज्ञापन
विज्ञापन

बादलों ने रोकी ठंड

मौसम विभाग के विशेषज्ञों के मुताबिक, ठंड के कमजोर पड़ने के पीछे मौसमी सिस्टम रहे हैं। जम्मू-कश्मीर के पास पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहा तो इसके प्रभाव से राजस्थान के पास चक्रवाती हवाओं का सिस्टम बना। इन दोनों सिस्टम ने बफीर्ली हवाओं को रोकने में मदद की। इससे तापमान बढ़ गया। 

दरअसल, जब पहाड़ों पर बर्फबारी होती है तो उसके बाद मैदानी इलाकों में बर्फीली हवाएं आती हैं। इन हवाओं को रोकने में एक मौसमी सिस्टम की आवश्यकता पड़ती है। ये मौसमी सिस्टम पश्चिमी विक्षोभ के अलावा अरब सागर व बंगाल की खाड़ी से आने वाली हवाएं भी हो सकती हैं। जब यह सिस्टम कमजोर पड़ेगा तो ठंड का प्रभाव फिर से शुरू हो जाएगा।

आगे कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग का कहना है कि बुधवार से मौसमी सिस्टम कमजोर पड़ने लगेंगे। बुधवार को भी हल्के बादल छाए रहेंगे। बुधवार को अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जाएगा। गुरुवार से धुंध का प्रभाव शुरू होगा। इस दिन रात के तापमान में गिरावट आएगी। गुरुवार को अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री के आसपास दर्ज किया जा सकता है। शुक्रवार को रात के तापमान में और गिरावट आ सकती है। दिन का तापमान 19 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री के आसपास रिकार्ड किया जाएगा।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें