चंडीगढ़ में सोमवार दोपहर 3:00 बजे मौसम ने अचानक करवट ले लिया। सुबह से शहर में हल्की धूप थी लेकिन दोपहर होते होते अचानक बादल छा गए और कुछ ही देर में शहर के लगभग सभी हिस्से अंधेरे में डूब गए। इसके थोड़ी देर बाद तेज हवाओं के साथ बारिश होने लगी।
अभी तक तेज बारिश जारी है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने बारिश होने का पूर्वानुमान पिछले कई दिनों से जारी किया था। शनिवार को भी पूरे दिन दिनभर हल्की बारिश हुई थी। हालांकि रविवार को बारिश नहीं हुई और धूप निकली थी। इसके बाद अब सोमवार को दोपहर के बाद से चंडीगढ़ में तेज बारिश हो रही है।
पंजाब में भी बारिश की संभावना
पंजाब में किसानों की चिंता बढ़ सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिन प्रदेश के कुछ हिस्सों में हवाओं के साथ बारिश पड़ सकती है। उधर, रविवार को सूर्य देवता के दर्शन देने के चलते पारे में 3.8 डिग्री का उछाल देखने को मिला। चंडीगढ़ 28.6 डिग्री के अधिकतम तापमान के साथ पंजाब में सबसे गर्म रहा।
मौसम विभाग के मुताबिक 20 व 21 मार्च को प्रदेश के कुछ हिस्सों में तेज गरज के साथ 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी और बारिश होगी। इसके बाद 22 मार्च को पंजाब में मुख्यत: मौसम शुष्क रहेगा, जबकि 23 मार्च को फिर से मौसम करवट बदलेगा और कुछ जगहों पर बारिश पड़ने की संभावना है। हालांकि मौसम विभाग के मुताबिक इस दौरान पारे में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा।