फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chandigarh: चंबा जाने वाली सीटीयू बस पर रोक, चंडीगढ़ में हिमाचल की बसें जब्त, एसटीए की कार्रवाई पर हंगामा

Fri, 01 Sep 2023 01:45 PM IST
निवेदिता वर्मा रिशु राज सिंह, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

कार्रवाई का विरोध करते हुए कर्मचारियों ने कहा कि चंडीगढ़ की तरफ से बदले की कार्रवाई की जा रही है। हिमाचल में चंबा की सीटीयू बस बंद की गई है, इसलिए बदले की भावना में हिमाचल की बसों को जब्त किया जा रहा है। कर्मचारियों ने सीटीयू मुर्दाबाद और चंडीगढ़ प्रशासन मुर्दाबाद के भी नारे लगाए।
विज्ञापन
हिमाचल प्रदेश की बसों का चालान। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हिमाचल प्रदेश के चंबा जाने वाली चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (सीटीयू) की बस पर रोक और ऊना में हुई मारपीट के बाद स्टेट ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी (एसटीए) ने गुरुवार को हिमाचल प्रदेश की पांच बसें जब्त कर ली हैं। परमिट और काउंटर साइन न दिखाने पर आईएसबीटी-43 पर चालान की कार्रवाई की गई। हिमाचल प्रदेश के कर्मचारियों ने इसे बदले की कार्रवाई बताई और नारेबाजी की। हंगामा बढ़ता देखकर मौके पर पुलिस और परिवहन विभाग के निदेशक भी मौके पर पहुंचे।

विज्ञापन


आईएसबीटी-43 पर विवाद तब शुरू हुआ जब एसटीए के एमवीआई पहुंचे और उन्होंने हिमाचल रोडवेज की बसों को रोककर चालक और परिचालकों से परमिट और काउंटर साइन मांगे। बस चालकों ने दस्तावेज दिखाने से इन्कार कर दिया। सुबह के समय तीन बसों का चालान काटा गया और दस्तावेज न दिखाने पर बसों को जब्त कर सेक्टर-49 पुलिस थाने में खड़ा कर दिया गया। लंच के बाद भी कार्रवाई जारी रही।

कर्मचारियों ने किया हंगामा तो पहुंची पुलिस
कार्रवाई का विरोध करते हुए कर्मचारियों ने कहा कि चंडीगढ़ की तरफ से बदले की कार्रवाई की जा रही है। हिमाचल में चंबा की सीटीयू बस बंद की गई है, इसलिए बदले की भावना में हिमाचल की बसों को जब्त किया जा रहा है। कर्मचारियों ने सीटीयू मुर्दाबाद और चंडीगढ़ प्रशासन मुर्दाबाद के भी नारे लगाए। इसके बाद मौके पर पुलिस भी बुला ली गई। स्टेशन सुपरवाइजर भी मौके पर पहुंचे। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों को सरकारी काम में बाधा डालने की कार्रवाई की चेतावनी दी गई, जिसके बाद नारेबाजी बंद हुई और दो और बसों का चालान और उन्हें जब्त किया गया। बताया गया कि इन बसों के पास काउंटर साइन तो दूर परमिट भी खत्म हो चुका था। जब्त की गई ज्यादातर बसें ऊना को जाने वाली थीं। एसटीए के अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में भी यह कार्रवाई जारी रह सकती है।
विज्ञापन


यह भी पढ़ें: इतना गुस्सा: बेटे को मारने से रोकने पर सास को बाल पकड़ घसीटा, बचाने आए ससुर की लातें मार-मारकर ली जान

आईएसबीटी-43 पर रही हलचल
कार्रवाई के दौरान आईएसबीटी-43 पर काफी हलचल रही। कार्रवाई को देखकर अन्य रोडवेज के कर्मी भी सहमे नजर आए। मौके पर देखा गया कि कार्रवाई के डर से कई बसें आईएसबीटी के अंदर प्रवेश न कर बाहर ही सवारियों को उतार कर चली गईं। हिमाचल रोडवेज यूनियन के नेता भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने एमवीआई को समझाने की कोशिश की लेकिन फिर भी चालान जारी रहे। पुलिसकर्मी भी चालक व परिचालकों को समझाते नजर आए। इधर, परिवहन विभाग में भी काफी हलचल रही। मामले की पूरी जानकारी परिवहन विभाग के सचिव नितिन यादव को भी दी गई है।

अमर उजाला ने गुरुवार को 'चंबा बस सेवा पर घमासान: सीटीयू चालक-परिचालक को पीटा, बस चलाने पर भी रोक' शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। चंबा जाने वाली सीटीयू बस काफी महत्वपूर्ण है क्योंकि चंडीगढ़ से दिन में चंबा जाने वाली यह एकमात्र बस है। इससे पूरे दिन सीटीयू में हलचल रही।

हिमाचल की 15 बसों के पास काउंटर साइन, चल रहीं 393 बसें
दो मई को सीटीयू ने चंडीगढ़ से ऊना, तलवाड़ा होते हुए चंबा तक एचवीएसी बस सेवा शुरू की है। इस संबंध में आरटीओ चंबा ने चंबा से चंडीगढ़ के लिए एक काउंटर टाइम भी एडजस्ट किया है। क्षेत्रीय प्रबंधक ऊना ने ऊना से बस सेवा संचालित करने के लिए एनओसी भी दे दी है लेकिन आरटीओ ऊना ने कोई जवाब नहीं दिया और बाद में उन्होंने सीटीयू को समझौते की प्रति और परमिट के काउंटर हस्ताक्षर आदि जमा करने के लिए लिखा। बाद में बस सेवा को बंद करने के लिए भी लिखा। 

सीटीयू ने जवाब दिया कि एचआरटीसी की लगभग 393 बसें चंडीगढ़ क्षेत्र में चलाई जा रही हैं जबकि इनमें से केवल 15 के पास काउंटर साइन हैं क्योंकि बसों के काउंटर हस्ताक्षर केवल तभी किए जा सकते हैं जब पारस्परिक समझौता हो। हालांकि, इस बीच हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने चंडीगढ़ से चंबा तक की बस सेवा पर रोक लगा दी है। मामले की अगली सुनवाई तीन अक्तूबर को है।
विज्ञापन


नियमों का पालन कराने के उद्देश्य से ही विभिन्न बसों के दस्तावेजों की जांच की गई है। जिन बसों के पास दस्तावेज नहीं थे, उनके चालान किए गए हैं। आने वाले दिनों में भी जांच जारी रहेगी। - रुपेश कुमार, एसटीए

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें