चंडीगढ़। शहर को स्टार्टअप हब बनाने के लिए यूटी प्रशासन ने युवा उद्यमियों के लिए नया पोर्टल www.chdstartup.in लांच किया है। इसके अलावा आईटी पार्क में आंत्रप्रेन्योर डेवलपमेंट सेंटर को वर्किंग स्पेस (ईसीओएस) शुरू किया गया है। जहां कोई भी युवा उद्यमी 15 दिनों से लेकर एक महीने तक की छोटी अवधि के लिए जगह या सीट बुक कर सकते हैं और दैनिक शुल्क का भुगतान करके इसका उपयोग कर सकते हैं।
प्रशासन की तरफ से बताया गया कि नए पोर्टल को इसलिए बनाया गया है ताकि नए और उभरते आईटी स्टार्टअप को एक ऐसा वातावरण प्रदान किया जा सके, जो उनके स्टार्टअप चरण का न केवल समर्थन करेगा बल्कि उनको सफलता की दिशा में अग्रसर करेगा। यह समर्पित पोर्टल स्टार्टअप की सफलता का समर्थन करने और स्टार्टअप संस्कृति को मजबूत करने के लिए आवश्यक मूल्य वर्धित सेवाएं प्रदान कर युवा उद्यमियों और आईटी आधारित स्टार्टअप के लिए सिंगल विंडो सिस्टम के रूप में काम करेगा। को-वर्किंग स्पेस भी काफी आरामदायक हैं। सीट बुक करने के लिए पोर्टल पर लॉगिन करना होगा और ऑनलाइन आवेदन फॉर्म को भरना होगा। एक बार अनुरोध स्वीकृत हो जाने पर वे डेबिट/क्रेडिट कार्ड या इंटरनेट बैंकिंग के माध्यम से हॉट सीट शुल्क का ऑनलाइन भुगतान कर सकते हैं।
स्टार्टअप को ईसीओएस के जरिए मिलेगी गति
स्टार्टअप पहल को और गति देने व उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के लिए प्रशासन ने आईटी विभाग के तत्वावधान में आंत्रप्रेन्योर डेवलपमेंट सेंटर को वर्किंग स्पेस (ईसीओएस) शुरू किया है। आईटी विभाग की स्पिक सोसायटी की ओर से इनक्यूबेशन सेंटर, चंडीगढ़ टेक्नोलॉजी पार्क में अब पूरी तरह से चालू है। युवा उद्यमी और स्टार्टअप शुरू करने वाले उद्यमी स्टार्टअप पोर्टल के माध्यम से आईटी हब के केंद्र में स्थित सह-कार्य क्षेत्र में अत्याधुनिक ऑफिस स्पेस और बुक सीट ले सकते हैं। इसमें आलीशान हॉट सीट, ब्रेकआउट एरिया, आइडिया रूम, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग रूम ब्रेन स्टॉर्मिंग रूम और इन-हाउस पैंट्री सुविधा उपलब्ध है।
स्टार्टअप पोर्टल की मुख्य विशेषताएं
- किफायती इनक्यूबेशन और को-वर्किंग स्पेस
- मेंटरिंग व जरूरी सलाह
- उद्यम पूंजीपतियों तक पहुंच
- तकनीकी और प्रबंधकीय सहायता
- नेटवर्किंग के लिए प्लेटफार्म
- शिकायत के साथ हेल्पलाइन की सुविधा