चंडीगढ़। सेक्टर-17 स्थित रजिस्टरिंग एंड लाइसेंसिंग अथॉरिटी (आरएलए) अपनी 12 सीरीज के बाकी बचे वीआईपी नंबरों की नीलामी करने जा रहा है। इसके लिए पंजीकरण प्रक्रिया 31 मार्च से शुरू होकर छह अप्रैल तक चलेगी।
सात अप्रैल से वाहन चालक अपने पसंदीदा नंबरों के लिए बोली लगानी शुरू करेंगे और 9 अप्रैल को बोली लगाने का अंतिम दिन होगा। जिन सीरीज के नंबरों को नीलामी में रखा जा रहा है, उनमें सीएच01-सीडी, सीएच01-सीसी, सीएच01-सीबी, सीएच01-सीए, सीएच01-बीजेड, सी एच01-बीवाई, सीएच01-बीएक्स, सीएच01-बीडब्ल्यू, सीएच01-बीवी, सीएच01-बीयू, सीएच01-बीटी और सीएच01-बीएस सीरीज के नंबर शामिल हैं। वाहन चालकों को नीलामी में भाग लेने के लिए खुद को नेशनल ट्रांसपोर्ट की वेबसाइट पर जाकर पंजीकृत करना होगा, जिसका लिंक परिवहन विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध है। वहां से यूएएन नंबर प्राप्त कर करते हैं। जिन लोगों ने चंडीगढ़ के पते पर अपना वाहन खरीदा है, सिर्फ वही नीलामी में भाग ले सकते हैं। भाग लेने के लिए सेल लेटर, फार्म नंबर 21 और आधार कार्ड अनिवार्य है। नीलामी में भाग लेने के लिए पंजीकरण फीस व पसंदीदा नंबर का आरक्षित मूल्य सेक्टर-17 स्थित आरएलए दफ्तर में डिमांड ड्राफ्ट के रूप में जमा करवाना होता है।