चंडीगढ़ में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। रविवार को दिन में धूप रही लेकिन शाम होते-होते मौसम खराब हो गया और शहर के कई इलाकों में तेज बारिश होने लगी। बारिश शाम 7:10 बजे शुरू हुई। रात 8:30 बजे तक सवा घंटे में करीब 14 एमएम पानी गिरा। तेज बारिश ने कई लोगों के मैच देखने का मजा भी किरकिरा कर दिया।
बारिश की वजह से लोगों के घरों में लगे डीटीएच के सिग्नल चले गए, जिसकी वजह से वह मैच नहीं देख पाए। कुछ ही घंटे में हुई ज्यादा बारिश की वजह से कई जगह पानी भी भर गया। पिकाडली चौक के पास ट्रैफिक धीमा होने की वजह से जाम भी लग गया, जिसे पुलिस की मदद से खुलवाया गया। इंडस्ट्रियल एरिया के भी कुछ इलाकों में पानी भर गया। मनीमाजरा के कुछ इलाकों में बिजली जाने की शिकायत भी मिली।
मोहाली-पंचकूला में ऐसा रहा मौसम
रविवार को चंडीगढ़ में दिन का अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री दर्ज किया गया। ये औसत से 1.6 डिग्री ज्यादा रहा। न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 4.1 डिग्री ज्यादा है। इसके अलावा पंचकूला में अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस और मोहाली में 34.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चंडीगढ़ के साथ मोहाली-पंचकूला में भी बारिश दर्ज की गई।
आज ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को चंडीगढ़ का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है। बादल छाए रह सकते हैं और बारिश हो सकती है।
अगले पांच दिन का तापमान (डिग्री सेल्सियस)
- दिन अधिकतम न्यूनतम
- 29 अगस्त 33 26
- 30 अगस्त 34 25
- 31 अगस्त 34 25
- 01 सितंबर 35 25
- 02 सितंबर 35 25
अब तक हुई बरसात
एक जून से 28 अगस्त रात 8:30 बजे तक कुल 682.3 एमएम बारिश दर्ज की गई।