चंडीगढ़ की एक रामलीला कमेटी ने अपने कलाकारों के लिए बेहतरीन काम करने जा रही है। कमेटी ने कलाकारों को रामलीला के दौरान वेतन देने का फैसला किया है। यह काम श्री बद्री केदार रामलीला कमेटी सेक्टर-45-46 करने जा रही है। कमेटी के इस पहल पर कलाकारों ने खुशी जताई है। गौरतलब है इस कमेटी के सभी कलाकार सरकारी या प्राइवेट जॉब करते हैं। रामलीला के दौरान उन्हें कम से कम 10 दिन की छुट्टी करनी पड़ती है।
ऐसे में घर का खर्च मुश्किल हो जाता है। प्राइवेट कंपनियों में काम करने वाले कलाकारों को नौकरी जाने या वेतन में कटौती डर रहता है। इसी को ध्यान में रखकर रामलीला कमेटी ने यह निर्णय लिया है। कमेटी के पदाधिकारी फैक्टरी व अन्य कंपनियों के प्रमुखों से मिल कर ऐसे कलाकारों के लिए छुट्टी के लिए निवेदन करेंगे। ताकि कलाकारों को परेशानी न हो।
तय किया सीन....
पहला दिन- श्रवण कुमार लीला और रावण संवाद
दूसरा दिन- प्रभु श्रीराम और माता सीता का जन्म और ताड़का वध
तीसरा दिन- धनुष खंड, सीता स्वयंवर और परशुराम-लक्ष्मण संवाद
चौथा दिन-राम बारात, विवाह, कैकेयी कोप भवन और राम वन गमन
पाचवां दिन - भरत मिलाप और सीता हरण
छठा दिन- राम सुग्रीव मिलन, बाली वध और लंका दहन
सातवा दिन - रावण- अंगद संवाद
आठवां दिन- लक्ष्मण शक्ति
नौंवां दिन- कुंभकर्ण, मेघनाद और रावण वध
दसवां दिन- राम- भरत मिलाप और राज तिलक
प्राइवेट जॉब करनेवाले उन कलाकारों को रामलीला के दौरान वेतन दिया जाएगा जिन्हें आर्थिक तंगी है। हमारे सभी कलाकार काबिल और योग्य हैं। कलाकार भी कमेटी की सहायता करते हैं। लेकिन कमेटी ने फैसला लिया है कि जरूरतमंद कलाकारों को उतने दिन का वेतन कमेटी देगी जितना दिन वे रामलीला में सीन करेंगे। सीन तय कर लिया गया है। इसमें कुछ फेरबदल भी हो सकता है।
- भूपेंद्र शर्मा, चेयरमैन, श्री बद्री केदार रामलीला कमेटी-45-46 चंडीगढ़