चंडीगढ़। जिला अदालत ने कनाडा भेजने के नाम पर छह लाख की ठगी के आरोप में पंजाबी गायक लेखराज उर्फ शहजादा राज की जमानत याचिका खारिज कर दी है। अदालत में बचाव पक्ष वकील ने दलील दी कि लेखराज उर्फ शहजादा राज पंजाबी गायक हैं। वह जगराता और निजी शो करते हैं। पंजाबी गायक मामले में मुख्य आरोपी सेक्टर-42 स्थित आई-अबरॉड एजुकेशन इमिग्रेशन कंपनी की मालकिन पूजा महाजन के लिए गाने के कार्यक्रम करते थे। पंजाबी गायक को इस मामले में गलत फंसाया जा रहा है।
पुलिस को दी शिकायत के अनुसार मोहाली निवासी गुरचरण सिंह ने एक विज्ञापन देखा। इसमें सेक्टर-42 स्थित आई-अबरॉड एजुकेशन इमिग्रेशन कंपनी का दावा था कि वह छात्रों को कनाडा का स्टूडेंट वीजा लगवाती है। शिकायतकर्ता ने अपने बेटे को कनाडा भेजने के लिए कंपनी मालिक से बात की। उन्होंने इसके लिए छह लाख रुपये भी कंपनी को दिए, लेकिन उनके बेटे का कोई वीजा नहीं लगा। जब कंपनी की मालकिन पूजा महाजन से अपने पैसे वापस मांगे तो उन्होंने शिकायतकर्ता को धमकाना शुरू कर दिया।