चंडीगढ़ में सार्वजनिक परिवहन पर दोहरा संकट गहराता जा रहा है। अगले दो महीनों में सीटीयू की करीब 100 एसी और नॉन-एसी बसें कंडम हो जाएंगी, जबकि नई बसों की खरीद को अब तक केंद्र की मंजूरी नहीं मिली है।
डिपो नंबर-4 में फिलहाल 100 डीजल बसें हैं, जिनकी एक्सपायरी के बाद यह डिपो पूरी तरह खाली हो जाएगा। इन बसों में रोजाना हजारों यात्री चंडीगढ़, पंचकूला और मोहाली के विभिन्न रूटों पर सफर करते हैं। खासकर ऑफिस जाने वाले लोग और स्कूल-कॉलेज के छात्र इन बसों पर निर्भर हैं। यदि समय रहते नई बसें सड़कों पर नहीं उतरीं तो यात्रियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा क्योंकि ट्राइसिटी में लगातार बढ़ रही आबादी के कारण बसों की मांग भी बढ़ती जा रही है। चंडीगढ़, पंचकूला और मोहाली में हर रोज हजारों लोग सीटीयू की बसों में सफर करते हैं।
सीटीयू के अधिकारी दो महीने के लिए 100 बसों को किराये पर लेने की योजना तो बना रहे हैं लेकिन ये भी काफी चुनौतीपूर्ण रहने वाला है। महज दो महीने के लिए 100 बसें किराये पर मिलना आसान नहीं है। साथ ही कंपनियां पैसा भी ज्यादा मांगेंगी। अब तक ऐसा नहीं हुआ है। ऐसे में विभाग के लिए पारदर्शी तरीके से इस पूरी व्यवस्था को चलाना भी काफी चुनौती भरा रहेगा। हालांकि प्रशासन को उम्मीद है कि जल्द केंद्र ने नई 100 बसों को खरीदने की मंजूरी मिल जाएगी। अगर नहीं मिली तो दो महीने के लिए किराये पर ली गई बसें कई महीनों तक किराये पर ही चलाई जा सकती हैं और इसका खर्च भी करोड़ों में होगा।
पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया ने एक कार्यक्रम में मंच से चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारियों को कहा कि जब तक चंडीगढ़ को केंद्र सरकार की तरफ से मंजूर की गईं बसें नहीं मिलती हैं, तब तक सीटीयू को अपनी व्यवस्था करनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि सीटीयू अपनी पूरी तैयारी रखें ताकि लोगों को कोई और असुविधा न हो।
सीटीयू ने 12 मीटर की अल्ट्रा लो फ्लोर की 100 ई-बसों के लिए पीएमआई के साथ समझौता किया है। यह बसें डिपो नंबर-4 के 100 डीजल बसों की जगह लेंगी। किलोमीटर के आधार पर बसें चलाई जाएंगी, जिसके लिए सीटीयू 61.80 रुपये चुकाएगा। इसमें केंद्र सरकार से प्रति किमी 24 रुपये की सब्सिडी मिलेगी। 100 बसों में कंपनी का ड्राइवर होगा, जबकि कंडक्टर सीटीयू का होगा।
संचालन बस का प्रकार ईंधन बसों की संख्या
इंटर स्टेट एचवीएसी डीजल 119
सामान्य बसें डीजल 49
ट्राइसिटी एचवीएसी डीजल 79
सामान्य बसें डीजल 199
सिर्फ एसी डीजल 80
सिर्फ एसी इलेक्ट्रिक 80
सेमी अर्बन सामान्य बसें डीजल 36
कुल बसें 642