नए साल का जश्न मनाने को चंडीगढ़ आएं तो अलर्ट रहें। क्योंकि रात 10 बजे से दो बजे तक एक काम भूलकर भी न करना, वरना नप जाएंगे। वर्ष 2019 के स्वागत के जश्न में किसी भी प्रकार की खलल नहीं पड़े, इसके लिए यूटी पुलिस-प्रशासन ने इस बार विशेष तैयारियां की हैं।
शहर में यह पहला मौका होगा, जब 31 दिसंबर की रात दस बजे से नववर्ष शुरू होने के बाद रात दो बजे तक शहर के सात सेक्टरों समेत इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एलांते मॉल के पास का इलाका वाहन मुक्त जोन होगा। इन चार घंटों के दौरान कोई भी व्यक्ति अपने वाहन को इनमें से किसी जगह नहीं ले जा पाएगा। लगातार बढ़ते ट्रैफिक लोड और यातायात व्यवस्था को स्मूद बनाए रखने के साथ सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस-प्रशासन ने यह कदम उठाया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपने वाहन सही जगहों पर पार्क करने की व्यवस्था करें।
साथ ही जिन लोगों के घर उक्त सड़कों के किनारे हैं, वे अपने पहचान पत्र साथ रखें ताकि उन्हें किसी परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। पुलिस ने सार्वजनिक स्थल पर शराब का सेवन करने वालों पर सख्ती बरतने की बात कही है। शहर में ड्रंकन-ड्राइव के खिलाफ स्पेशल ड्राइव चलाई जाएगी। शराब के नशे में ड्राइविंग करते पकड़े जाने वाले आरोपियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। तय कानूनी प्रक्रिया के तहत वाहन जब्त करने सहित आरोपी चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड करने की सिफारिश की जाएगी।