बस में बैठा कर्मचारियों को ले जाती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
सुप्रीम कोर्ट के आदेश को लागू न करने के विरोध में पीजीआई में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों को बुधवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। लंच के वक्त निदेशक कार्यालय के सामने प्रदर्शन कर रहे 50 से 60 कर्मचारियों को पुलिस सेक्टर-11 थाने ले गई है। वहीं इसके विरोध में पीजीआई में तैनात अलग-अलग संवर्ग के कर्मचारियों ने चक्का जाम करने का एलान कर दिया है। यह सूचना सामने आ रही है कि कोई भी कर्मचारी शाम को ड्यूटी पर नहीं आएगा।
बैक लॉग प्रमोशन, कैडर व्यू और समान वेतन समान कार्य की मांग को सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिए कर्मचारियों के पक्ष में निर्णय के बावजूद पीजीआई प्रशासन पिछले तीन वर्षों से लागू करने में आनाकानी कर रहा है। इससे सैकड़ों कर्मचारियों के हित प्रभावित हो रहे हैं।
मामले को लेकर पीजीआई कर्मचारी संघ गैर-संकाय के बैनर तले कर्मचारी पिछले डेढ़ महीने से लगातार लंच समय में निदेशक कार्यालय के सामने प्रदर्शन कर रहे हैं। बुधवार को कर्मचारी डीडीए के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले थे लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं गिरफ्तार के विरोध में एक्स-रे और सीटी स्कैन, लैब, इमरजेंसी व ट्रामा को कर्मचारियों ने बंद कर दिया है।