सिटी के मटका चौक के पास शूटिंग के बाद ओपन जिप्सी में बिना सीट बेल्ट गेड़ी मारते फिल्म यूनिट के सदस्यों का पुलिस ने चालान काट दिया।
यह ओपन जिप्सी जैसे ही सेक्टर-16-17 लाइट प्वाइंट पर पहुंची तो पुलिस की दो जिप्सियों ने इसे घेर लिया। इस सवार यूनिट सदस्यों से जब ओपन जिप्सी शहर में चलाने की परमिशन दिखाने को कहा तो उनके पास सिर्फ शूटिंग की परमिशन थी।
ये सभी बवेजा फिल्म्स प्रोडक्शन की फिल्म हैप्पी गो लक्की की शूटिंग के बाद लौट रहे थे। डीएसपी आशीष कपूर ने वहीं नाके पर खड़े पुलिस जवानों को बुलाया और उनके चालान काटने का आदेश दिया।
इसके बाद ट्रैफिक पुलिस ने जीप नंबर एचआर 09 7522 के चालक का बिना सीट बेल्ट का चालान काटकर उसके हाथ में थमा दिया।
मटका चौक पर लग गया था जाम
फिल्म की शूटिंग के दौरान कलाकार मटका चौक पर खड़े होकर डांस कर रहे थे। उस दृश्य को कैमरे से डायरेक्टर दो मंजिला बस पर चढ़कर कैद कर रहे थे। इसके चलते बस चालक को मटका चौक के चारों तरफ घूमाना पड़ रहा था।
इसके चलते लोगों को जाम की स्थिति को झेलना पड़ा था। ट्रैफिक पुलिस के जवान दोपहर के समय जाम को खुलवाने के लिए मशक्कत करते रहे लेकिन शूटिंग के चलते जाम लगा रहा।
फिल्म की शूटिंग के दौरान ओपन जीप चालक ट्रैफिक नियम तोड़ रहा था। चालक ने सीट बेल्ट नहीं लगा रखी थी। इसी वजह से चालान काटा गया है।
- आशीष कपूर, डीएसपी सेंट्रल