नीट 2019 के ओवर ऑल रिजल्ट में तो सुधार हुआ है, लेकिन रैंकिंग के मामले में ट्राइसिटी पिछड़ गया है। टॉप 50 में एक भी विद्यार्थी नहीं आया। जबकि पिछली बार चार स्टूडेंट थे। इस साल टॉप 100 में चंडीगढ़ के दो छात्र ही जगह बना पाए हैं, इनकी भी रैंकिंग 90 पार ही है। चंडीगढ़ को मेडिकल स्टूडेंट का हब माना जाता है। यहां पीजीआई, जीएमसीएच-32, जीएमएसएच-16 सहित पेरी फेरी में कई बड़े प्राइवेट मेडिकल संस्थान हैं। जहां पढ़ाई के साथ-साथ बेहतर करियर बनाने का भी मौका छात्रों के पास होता है।
पिछली बार टॉप-50 में थे 4 स्टूडेंट
नीट- 2018 परीक्षा परिणामों की बात करें तो टॉप 100 में ट्राइसिटी के 6 स्टूडेंट्स ने अपनी जगह बनाई थी। महक अरोड़ा ऑल इंडिया रैंक 31 के साथ ट्राइसिटी टॉप किया था। महक ने 720 में से 671 नंबर लेकर 92.2 प्रतिशत अंक हासिल किए थे। इसके अलावा मेघा शर्मा 44वां रैंक, पारुल बैरी 666 अंकों के साथ 47वां रैंक, सागर मिश्रा 666 अंकों के साथ 49वां रैंक, वैभव गर्ग 69वां रैंक और ईश्वक अग्रवाल 90वां रैंक लेकर आए थे। इसके अलावा टॉप 500 में भी शहर के कई स्टूडेंट्स ने अपनी जगह बनाई थी। लेकिन इस बार टॉप 50 में एक भी स्टूडेंट अपनी जगह नहीं बना पाया।