31 दिसंबर की शाम को लोगों को जीरकपुर में जाम का सामना करना पड़ा। जीरकपुर-पटियाला हाईवे पर करीब दो घंटे तक जाम लगा रहा। इसमें फंसे लोग रास्ता खुलने का इंतजार करते रहे। वहीं, हाईवे पर स्थित लक्की ढाबा के पास एक कार चालक बीच हाईवे पर अपनी कार पार्क कर पैदल घर चला गया। ट्रैफिक खुलने के बाद खड़ी कार के पीछे काफी देर तक वाहनों की लंबी लाइन लगी रही। इस बीच किसी राहगीर ने कंट्रोल रूम में फोन कर जाम लगने की सूचना दी।
इसकी जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधिकारी मौक्े पर पहुंचे और उन्होंने उक्त कार मालिक के बारे में पूछताछ की। इसके बाद राष्ट्रीय राज्यमार्ग नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में कार मालिक के खिलाफ धारा 283 के तहत मामला दर्ज कर लिया। कार मालिक की पहचान अंकुश पुत्र गुरदेव सिंह, निवासी सिल्वर सिटी जीरकपुर के रूप में हुई है। वहीं, इस मामले में कार मालिक को जमानत मिल गई है।
जीरकपुर थाने के एसएचओ भिंदर सिंह ने बताया कि 31 दिसंबर की शाम करीब सात बजे पटियाला चौक पर लंबा जाम लग गया था। इस बीच, किसी व्यक्ति ने पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी कि जीरकपुर-पटियाला हाईवे स्थित लक्की ढाबे के पास एक व्यक्ति अपनी आई-20 कार को बीच सड़क पर पार्क करके चला गया है। इस कारण अन्य वाहन चालकों को निकलने के लिए रास्ता नहीं मिल रहा है। इससे लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।