बैठक में प्रशासक ने शहर के विभिन्न क्लबों और डिस्को थेक में परोसे जा रहे हुक्का को लेकर भी चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि क्लबों और डिस्को थेक में सरकारी आदेश की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, यह बहुत ही गंभीर बात है। उन्होंने डीजीपी को आदेश दिए कि अगर किसी भी क्लब या डिस्को थेक में हुक्का परोसा जाता है तो क्लब के मैनेजर के साथ ही मालिक पर भी केस दर्ज किया जाए।
उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में सख्ती बरती जाए। बदनौर ने शहरवासियों से अपील की है कि जो लोग कोरोना पॉजिटिव होने के बाद होम आइसोलेशन में हैं, वह समय-समय पर अपनी जांच करवाते रहें। ज्यादा हालत खराब होने का इंतजार न करें, ऐसे में परेशानी बढ़ सकती है।
शहर में डेंगू के अब तक 240 मामले
स्वास्थ्य विभाग की निदेशक डॉ. अमनदीप कंग ने बताया कि उनके द्वारा लिए गए 8300 कोरोना के सैंपल में से 602 पॉजिटिव पाए गए हैं। पॉजिटिविटी रेट 6.8 प्रतिशत से 7.1 प्रतिशत के बीच है। उन्होंने बताया कि अक्टूबर में कोरोन के 2473 नए मामले सामने आए थे, जबकि नवंबर में केसों की संख्या 2991 तक पहुंच गई। हालांकि इस दौरान कोरोना से मृत्यु के आंकड़ों में कमी आई है।
यह संख्या 64 से घटकर 51 हो गई। डॉक्टर अमनदीप कंग ने बताया कि ओपीडी में 10,000 से ज्यादा मरीजों का इलाज किया जा चुका है। इसके अलावा शहर के विभिन्न घरों में मलेरिया और डेंगू से बचाव के लिए फागिंग का कार्य चल रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि इस वर्ष डेंगू के 240 मामले सामने आए हैं।