चंडीगढ़ के कालोनी नं-चार में लगी आग में नौ झुग्गियां जलकर राख हो गईं। इनमें से एक झुग्गी कलावती की भी है। कलावती की बेटी की सोमवार को शादी है लेकिन आग में उनके सभी सपने जलकर राख हो गए। शादी के लिए खरीदे गए कपड़े, गहने और रिश्तेदारों के सामान तक आग में जल गए। वहीं, जो पैसे शादी के दिन के लिए रखे थे, वह भी आग में जल गए।
कलावती के पति का करीब आठ साल पहले देहांत हो चुका है, इसलिए शादी का सारा प्रबंध उनके दामाद राहुल देख रहे हैं। राहुल ने बताया कि आग में सब कुछ जल गया है। अब समझ नहीं आ रहा है कि शादी कैसे होगी। बताया कि जब से आग लगी है, तब से लड़की बेसुध है। कई बार बेहोश हो चुकी है और उसे इस कदर सदमा लगा है कि वह किसी से बात नहीं कर रही है। सोमवार को शादी है। सभी रिश्तेदार चंडीगढ़ पहुंच चुके थे। उनके भी सारे कपड़े जल गए हैं। कई रिश्तेदार शादी में देने के लिए सामान लेकर आए, वह सामान भी नहीं बचा है।
राहुल ने बताया कि शादी के लिए कपड़ों की खरीदारी की जा चुकी थी। वह घर में रखे थे। गहने, लड़की का लहंगा समेत सबकुछ आग में जलकर राख हो गया है। इसके अलावा शादी के दिन के लिए कुछ पैसे बचा कर रखे थे, वह भी जल गए हैं। राहुल ने बताया कि सेक्टर-29 के कम्युनिटी सेंटर में शादी होनी है लेकिन एक दिन पहले वह बेघर हो गए हैं। ठंड में सड़क पर रात बितानी पड़ रही है।
राहुल की समझदारी ने बचाई कई की जान
राहुल की समझदारी ने कई लोगों की जान बचा ली। राहुल ने बताया कि उनके घर में दो सिलेंडर भरे हुए थे। जैसे ही आग उनके घर की तरफ बढ़ी, उनके दिमाग में सबसे पहले आया कि घर में दो सिलेंडर रखे हुए हैं, पहले उन्हें बाहर निकाला जाए, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने किसी तरह घसीटते हुए दोनों सिलेंडर और चूल्हे को बाहर निकाला। जब तक वह इन्हें बाहर रखकर अन्य सामान को लेने जाते, जब तक आग ने घर को अपने चपेट में ले लिया था। परिवार के सदस्य रोते रहे और अपने घर को जलते हुए देखते रहे।