सीएसआईआर-केंद्रीय वैज्ञानिक उपकरण संगठन (सीएसआईओ) को नया निदेशक मिल गया है। कानपुर आईआईटी के फिजिक्स डिपार्टमेंट के प्रोफेसर डॉ. एस अनंता रामाकृष्णन ने मंगलवार को सीएसआईआर के निदेशक का पद संभाल लिया। कोविड-19 का प्रकोप होने की वजह से नए डायरेक्टर का स्वागत समारोह सादा ही रहा।
पद संभालने के बाद डॉ. अनंता क्वारंटीन हो गए हैं। संस्थान के पूर्व डायरेक्टर प्रो. आरके सिन्हा का कार्यकाल फरवरी में पूरा हो गया था। उसके बाद सीएसआईआर-आईएचबीटी पालमपुर के डायरेक्टर डॉ. संजय कुमार को संस्थान का अतिरिक्त चार्ज दिया गया था।
डॉ. एस अनंता रामाकृष्णन अपने फील्ड के माहिर माने जाते हैं। एनिसोट्रोपिक फोटोनिक सामग्रियों के नए रूपों को विकसित करने में उनका मौलिक योगदान रहा है। अपने काम के बल पर वह कई पुरस्कारों से सम्मानित हो चुके हैं। उन्हें भटनागर अवार्ड, स्वर्ण जयंती फेलोशिप, आईएनएस यंग साइंटिस्ट मेडल और होमी भाभा पुरस्कार से नवाजा जा चुका है।
वह कई राष्ट्र्रीय व अंतरराष्ट्रीय कॉलेजों के विजटिंग प्रोफेसर भी हैं। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सीएसआईआर-सीएसआईओ का नेतृत्व करना उनके लिए गर्व की बात है। यह एक राष्ट्रीय प्रयोगशाला है, जो वैज्ञानिक और औद्योगिक उपकरणों के अनुसंधान और विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए समर्पित है।
उन्होंने कहा कि सीएसआईआर-सीएसआईओ देश के विभिन्न मंत्रालयों, प्रमुख उद्योग, पीएसयू के साथ मिलकर कोविड-19 महामारी में बेहतरीन कार्य कर रहा है। संस्था ने कोरोना से निपटने के लिए कई नए उपकरण बनाए हैं। इनमें प्रमुख रूप से डिसइंफेक्टेड चैंबर्स, फेस शील्ड, इलेक्ट्रोस्टैटिक स्प्रेयर, कांटेक्टलेस थर्मामीटर, सटीक सुरक्षा चश्मा शामिल हैं। उन्होंने कहा कि वह सीएसआईआर-सीएसआईओ की मौजूदा क्षमताओं को और मजबूत करने का प्रयास करेंगे, ताकि आगे आने वाली चुनौतियों में देश की सेवा कर सके।