चंडीगढ़ प्रशासन का आबकारी विभाग बुधवार को वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए शहर के 95 ठेकों की नीलामी करेगा। सेक्टर-24 के पार्क व्यू होटल में यह नीलामी रखी गई है। डीसी विनय प्रताप सिंह की निगरानी में बुधवार को सभी ठेकों की वित्तीय बोली खोली जाएगी और अलग-अलग ठेकों के अधिकतम बोली लगाने वालों को ठेका एक साल के लिए आवंटित किया जाएगा।
नीलामी प्रक्रिया में भाग लेने के लिए मंगलवार दोपहर दो बजे तक ऑनलाइन बोली लगाई गई। अब बुधवार सुबह 10 बजे नीलामी शुरू होगी और सभी 95 शराब ठेकों की वित्तीय बोली खोली जाएगी। हालांकि इस बार ठेकों का आरक्षित मूल्य ज्यादा होने की वजह से कई ठेकों के लिए ठेकेदारों ने बोली नहीं लगाई है।
बता दें कि पिछली बार धनास का ठेका सबसे अधिक 12.78 करोड़ रुपये में नीलाम हुआ था, जबकि इस ठेके का आरक्षित मूल्य 10.39 करोड़ था। इससे पहले साल यह ठेका 11.55 करोड़ रुपये में बिका था। इस बार भी उम्मीद जताई जा रही है कि सबसे महंगा ठेका धनास का ही बिकेगा। विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बुधवार के बाद जो ठेके बच जाएंगे, उनकी फिर नीलामी की जाएगी।
नर्सिंग होम की साइट के लिए भी नीलामी आज
एस्टेट ऑफिस फ्री होल्ड पर चार नर्सिंग होम साइट की ई-नीलामी भी बुधवार को करेगा। नीलामी में हिस्सा लेने के लिए प्रक्रिया मध्य फरवरी से ही चल रही थी और 13 मार्च से बोली लगाने की प्रक्रिया शुरू हुई थी। चारों नर्सिंग होम साइट्स सेक्टर-33सी में है, जिनका क्षेत्रफल 744.44 वर्ग गज है। नीलामी साइट का आरक्षित मूल्य 18.25 करोड़ रुपये रखा गया है। नीलामी में हिस्सा लेने के लिए सभी को करीब 36.51 लाख रुपये बयाना राशि जमा कराना होगा, जो भी व्यक्ति जिस साइट के लिए सबसे ज्यादा राशि की बोली लगाएगा, उसे वह बेच दी जाएगी।