फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chandigarh News: अतिक्रमण हटाओ अभियान पर चढ़ा राजनीतिक रंग, विरोध के बाद टीम लौटी बैरंग

Mon, 18 Jul 2022 04:53 PM IST
निवेदिता वर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

विरोध करने आए नेताओं ने कहा कि कोरोना महामारी के बाद लोगों ने किसी तरह अपनी रोजीरोटी कमाना शुरू किया है, अब अतिक्रमण हटाने के नाम पर उनके साथ नाइंसाफी नहीं होने देंगे।
विज्ञापन
बापूधाम में अतिक्रमण हटाओ अभियान का विरोध। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

नगर निगम की अतिक्रमण हटाओ टीम सोमवार सुबह आठ बजे बापूधाम कॉलोनी पहुंची। टीम को देखकर स्थानीय लोगों ने राजनीतिक दलों के नेताओं को फोन लगाना शुरू कर दिया। फोन बजते ही सीनियर डिप्टी मेयर दलीप शर्मा अपने कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर आ पहुंचे। इसके कुछ ही देर बाद प्रदेश अध्यक्ष एचएस लक्की के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता जुट गए। कॉलोनी के लोगों की मदद से राजनीतिक दलों ने अतिक्रमण हटाओ टीम को आगे नहीं बढ़ने दिया। 

विज्ञापन


भारी विरोध के बाद कर्मचारियों को जेसीबी पीछे लेनी पड़ी और टीम को बैरंग लौटना पड़ा। इस कार्रवाई को रुकवाने में भाजपा और कांग्रेस दोनों में श्रेय लेने की होड़ मच गई। नगर निगम ने कई दिनों से मिल रही शिकायत के बाद अतिक्रमण हटाने की योजना बनाई। एस्टेट ऑफिस और पुलिस से भी सहयोग मांगा गया। 

सुबह लगभग 8 बजे टीम के साथ पुलिसकर्मी भी पहुंच गए। निगम की ओर से तैनात टीम के अधिकारी ड्यूटी मजिस्ट्रेट को फोन लगाते रहे वह भी लगभग साढ़े 9 बजे तक मौके पर पहुंचे। तब तक इलाके में अतिक्रमण हटाने की सूचना आग की तरह फैल गई। लोगों ने तत्काल राजनीतिक लोगों को फोन कर दिया। 

विज्ञापन
Trending Videos

एक तरफ लोग अतिक्रमण हटाओ टीम के खिलाफ इकट्ठा होते रहे, दूसरी ओर दलीप शर्मा मौके पर पहुंच गए। उन्होंने निगम के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इसी बीच कांग्रेस नेता एचएस लक्की के नेतृत्व में रवि ठाकुर सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे। कार्रवाई पर राजनीतिक रंग चढ़ता देख निगम की टीम ने लौटना ही बेहतर समझा। 

सलाहकार से मिलने पहुंचे बबला, बोले- लोग खुद हटा लेंगे अतिक्रमण
अतिक्रमण हटाओ टीम का विरोध करने के दौरान जब अधिकारी हावी हुए तो चंडीगढ़ भाजपा के उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह बबला और कैलाश जैन प्रशासक के सलाहकार धर्मपाल से मिलने पहुंचे। उन्होंने पत्र सौंपकर कार्रवाई न करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कई लोगों ने जरूरत के हिसाब से निर्माण कार्य में बदलाव किए हैं जिन्हें लोगों ने खुद से ही हटा लिया है, शेष लोग भी जल्द अतिक्रमण हटा लेंगे। प्रशासक के सलाहकार ने हस्तक्षेप करते हुए मामले में तत्काल कार्रवाई न करने के आदेश दिए। उसके बाद टीम लौट गई। 

दो दिन बाद कार्रवाई की चेतावनी 
नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि कार्रवाई न करने के लिए हमें कहीं से कोई निर्देश नहीं मिला है। लोगों ने खुद समय देने की मांग की थी। लोगों की अपील पर दो दिन का समय दिया है। दो दिन में लोगों ने खुद से अतिक्रमण नहीं हटाया तो अवैध अतिक्रमण को तोड़ दिया जाएगा।
विज्ञापन

जब लोगों ने अपनी जरूरत के अनुसार मकानों में बदलाव किया तब तो अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की। कोरोना काल से लोग किसी तरह बाहर निकल रहे हैं। ऐसे में प्रशासन व निगम को बीच का रास्ता निकालना चाहिए। लोगों ने कर्ज लेकर भवनों का निर्माण किया है। 25 से 30 साल बाद यह अतिक्रमण हटाने की याद आ रही है। - दलीप शर्मा, सीनियर डिप्टी मेयर व क्षेत्रीय पार्षद।

भाजपा अभी तक शहर में गरीबों के पुनर्वास के लिए योजना नहीं बना सकी है। इसके उलट वह नगर निगम और प्रशासन पर दबाव डालकर गरीबों के आशियाने उजाड़ने में लगी है। निगम ने भी लोगों के आशियाने उजाड़ने का काम तब किया है जब बापूधाम में जलभराव की आशंका बनी हुई है।   - एचएस लकी, प्रदेश अध्यक्ष, कांग्रेस।

निगम की पूरी टीम अतिक्रमण हटाने बापूधाम पहुंचती है। कई साल से सत्ता पर काबिज पार्टी लोगों को बेवकूफ समझकर पुरानी ही स्टोरी पर पहले खुद मकानों को तुड़वाना और फिर नकली हीरो की तरह एंट्री लेकर क्रेडिट लेने में लगी है। जिस पार्टी की सांसद, मेयर, डिप्टी मेयर सभी हों उनकी यह स्थिति गले नहीं उतरती है। - येंकी कालिया, नेता, आम आदमी पार्टी।

जनप्रतिनिधि मुझसे मिलने आए थे। विश्वास दिलाया है कि लोग अपना अतिक्रमण खुद हटा लेंगे। इसी शर्त पर निगम को दो दिन की मोहलत देने को कहा है। इस दौरान लोग अतिक्रमण नहीं हटाते हैं तो निगम कार्रवाई करेगा। - धर्मपाल, सलाहकार यूटी प्रशासक।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें