जनता दरबार में लोगों ने की शिकायत तो सांसद ने अफसरों की लगाई क्लास
- फोटो : अमर उजाला
सांसद किरण खेर से लोगों ने अधिकारियों के बात न सुनने और फोन न उठाने की शिकायत की। यह बात सुनकर सांसद खेर अधिकारियों पर भड़क गईं। उन्होंने मौजूद अधिकारियों से कहा कि क्यों मेरी बेइज्जती करवाते हो। फोन तो कम से कम उठा लिया करो।
मंगलवार को वह सेक्टर-52 में टीन शेड कॉलोनी के सामने सांसद दरबार में भाग लेने आईं थीं। यहां लोगों ने ढांचागत सुविधाओं की किल्ल्त के साथ बिगड़ी कानून व्यवस्था की पोल खोली। दरबार में मौजूद प्रशासन के इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिसिटी डिपार्टमेंट, नगर निगम, सोशल वेलफेयर डिपार्टमेंट और पुलिस अधिकारियों से सांसद ने मौके पर ही जवाब मांगा।
गुंडागर्दी इतनी कि यहां सब्जी बेचने वाले भी नहीं आते
टीन शेड कॉलोनी वासियों ने कॉलोनी में चोरी, गुंडागर्दी और छेड़छाड़ की घटनाएं बढ़ने की बात उठाई। उन्होंने कहा कि स्नैचिंग, छेड़छाड़ और चोरी इस कदर बढ़ गई है कि कोई सब्जी वाला भी कॉलोनी में नहीं आता। इस पर किरण खेर ने पुलिस चौकी इंचार्ज से जवाब मांगा। कॉलोनी की लड़कियों को छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ अपनी गैंग बनाने की बात भी कही। पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने के भी आदेश दिए। अंधेरे में ऐसी घटनाएं रोकने के लिए बड़ी एलईडी लाइट लगवाने के आदेश दिए।