कोरोना टीकाकरण अभियान में लाभार्थियों की संख्या को बढ़ाने के लिए चंडीगढ़ स्वास्थ्य विभाग ‘मोबिलाइजर सेल’ के गठन की तैयारी करने में जुट गया है। 2 से 3 दिन के अंदर इस सेल का गठन कर लाभार्थियों से सीधा संपर्क साधा जाएगा। इस सेल में शामिल काउंसिलर और मनोचिकित्सक लाभार्थियों को कॉल कर टीकाकरण संबंधी उनके मन की शंकाओं को दूर कर उन्हें टीका लगवाने के लिए राजी करने का प्रयास करेंगे।
पहले चरण में प्रशिक्षित युवा काउंसिलर की भूमिका में लाभार्थियों से संपर्क करेंगे। जिन लाभार्थियों की काउंसिलिंग सफल नहीं हुई, उनसे दूसरे चरण में मनोचिकित्सक बात कर उनकी शंका का समाधान कर टीकाकरण के लिए हामी भरवाने का प्रयास करेंगे।
निदेशक स्वास्थ्य डॉ. अमनदीप कंग ने बताया कि इस कार्य योजना के तहत अब टीकाकरण के सत्र में लाभार्थियों की संख्या सीमित रखी जाएगी जिससे मोबिलाइजर सेल उन सभी लाभार्थियों से फोन के जरिए संपर्क कर उनकी काउंसिलिंग कर सकें। इस सेल को बनाने का मुख्य उद्देश्य टीकाकरण को लेकर मन में आ रही शंकाओं का समाधान कर शत-प्रतिशत लक्ष्य की प्राप्ति करना है।