चंडीगढ़। शहर में वीरवार को मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव होने जा रहा है। सेक्टर-17 स्थित नगर निगम दफ्तर के असेंबली हॉल में सुबह 11 बजे मतदान की प्रक्रिया शुरू होगी। पिछली बार मेयर चुनाव में हुई गड़बड़ी को देखते हुए मौजूदा मेयर कुलदीप कुमार ने चुनाव बैलेट पेपर की बजाय पार्षदों का हाथ उठवाकर करवाने को लेकर सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर स्वतंत्र पर्यवेक्षक की निगरानी में चुनाव होने जा रहा है। इसकी वीडियोग्राफी भी करवाई जाएगी।
मेयर चुनाव में भाजपा की ओर से हरप्रीत कौर बबला और आप व कांग्रेस गठबंधन से प्रेमलता मेयर प्रत्याशी हैं। भाजपा की ओर से सीनियर डिप्टी मेयर पद के लिए बिमला दुबे और डिप्टी मेयर पद के लिए लखबीर सिंह बिल्लू को उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं, कांग्रेस और आप गठबंधन ने सीनियर डिप्टी मेयर पद के लिए जसबीर सिंह बंटी और डिप्टी मेयर के लिए तरुणा मेहता को उतारा है। बता दें कि गठबंधन में मेयर पद आप के पास है, जबकि सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर पद कांग्रेस को दिया गया है।
इसी बीच आम आदमी पार्टी के मौजूदा मेयर कुलदीप कुमार के खिलाफ नौकरी दिलाने के नाम पर एक धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में मेयर ने कहा है कि उन्हें षड्यंत्र के तहत फंसाया जा रहा है, उनका इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है।
दूसरी ओर, मेयर चुनाव से पहले कांग्रेस के दो दिग्गजों में टकराव देखने को मिला है। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और चंडीगढ़ से सांसद मनीष तिवारी के बीच जुबानी जंग छिड़ गई है। राजा वड़िंग ने गठबंधन पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि इस मामले में हाईकमान से हस्तक्षेप करने और गठजोड़ खत्म करने पर बात करेंगे। वहीं, सांसद मनीष तिवारी ने कहा कि पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजा वड़िंग के बयान की जानकारी नहीं है, अगर ऐसी कोई बात है तो वह इस मामले में बात करेंगे। कांग्रेस का हर एक पार्षद मेयर चुनाव में पार्टी के फैसले के साथ है।