चंडीगढ़ नगर निगम की बैठक में मौजूद सदस्य।
- फोटो : अमर उजाला
चंडीगढ़ नगर निगम सदन की बैठक बुधवार सुबह 11.20 बजे शुरू हुई। साल की पहली सदन की बैठक में नव निर्वाचित मेयर रविकांत शर्मा ने कहा कि जनता के ऊपर कोई अतिरिक्त भार नहीं डाला जाएगा। अधूरे विकास कार्यों को पूरा किया जाएगा।
हालांकि विपक्ष ने विकास कार्यों और कचरा उठाने की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए हंगामा किया। साथ ही कचरा व्यवस्था को लेकर कर्मचारियों से सामंजस्य न बैठा पाने पर सवाल उठाया।
बैठक में सबसे पहले वित्त एवं अनुबंध कमेटी की घोषणा की गई। पार्षद सतीश कैंथ, सुनीता धवन, राजेश कुमार, अनिल कुमार दुबे और विनोद अग्रवाल को कमेटी का सदस्य सर्व सहमति से नियुक्त किया गया। बैठक में मनीमाजरा स्थित राणा की हवेली में पेड पार्किंग बनाने के लिए नियम और शर्तें सदन तय करेगा। इसके अलावा सदन की बैठक में इस बार रोज फेस्टिवल मानने के लिए भी एजेंडा आया है।
वित्त एवं अनुबंध कमेटी के सदस्यों के नाम की घोषणा भी सदन में होगी। चूंकि मानक के अनुसार अभी पांच ही सदस्यों ने नामांकन किया है। इसलिए सर्व सहमति से कमेटी बना दी जाएगी। उसके बाद पानी सप्लाई व सीवर डिस्पोजल कमेटी, रोड कमेटी और संपत्ति कर समीक्षा कमेटी बनाने का भी निर्णय लिया जाएगा।
बीएसएनएल ने निगम को पत्र लिखकर कहा कि सरकारी कार्य होने के कारण केबल बिछाने के लिए निगम उनसे बैंक गारंटी न ले। इसके लिए भी सदन में एजेंडा लाया गया है। सदन की सहमति रही तो बीएसएनएल से बैंक गारंटी नहीं ली जाएगी।