चंडीगढ़। जीएमसीएच-32 का जन औषधि केंद्र अब तक नहीं खुल पाया है। स्वास्थ्य विभाग ने नवंबर के अंत तक इसके संचालन की बात कही थी। दुकान के टेंडर की प्रक्रिया भी लगभग डेढ़ महीने पहले पूरी हो चुकी है और इसका नवीकरण (रेनोवेशन) भी हो चुका है लेकिन मरीजों को अब तक जेनेरिक दवाएं नहीं मिल पा रही हैं।
जीएमसीएच-32 की जन औषधि केंद्र पिछले साढे़ तीन साल से बंद है। रेडक्रॉस सोसायटी इसका टेंडर नहीं कर पा रही थी। इस कारण स्वास्थ्य विभाग ने इसके संचालन का जिम्मा ले लिया। अब इसका टेंडर भी हो चुका है। इसी क्रम में जीएमएसएच-16 में तीन साल से बंद पड़ी जन औषधि केंद्र का संचालन चंद दिनों पहले ही शुरू हो चुका है। मरीजों को जेनेरिक दवाएं उपलब्ध हो रहीं हैं लेकिन जीएमसीएच-32 के मरीजों को अब तक यह सुविधा नहीं मिली है। इससे मरीजों को अब भी ब्रांडेड और महंगी दवाएं खरीदनी पड़ रहीं हैं।