एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया केे 22वें वार्षिक समारोह का आयोजन दिल्ली के फोर्ट ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया। इसमें कस्टमर सेटिसफेक्शन अवार्ड में चंडीगढ़ के इंटरनेशनल एयरपोर्ट को पहला स्थान मिला है। यह अवार्ड इंटरनेशनल एयरपोर्ट के सीईओ सुनील दत्त ने दिल्ली में प्राप्त किया है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अनुसार, उसने एक एजेंसी से देशभर के 52 एयरपोर्ट पर छह माह का कस्टमर सेटिसफेक्शन सर्वे कराया था। यह सर्वे पांच अंक के पैरामीटर पर हुआ था।
सर्वे जुलाई से दिसंबर 2016 तक हुआ। सर्वे में एयरपोर्ट की परफॉरमेंस, सुविधा, स्वच्छता सहित कई मानकों को परखा गया। इसमें चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट को पहला स्थान हासिल हुआ। यात्रियों की संतुष्टि की जांच के पैरामीटर पर चंडीगढ़ एयरपोर्ट को 4.86 अंक मिले हैं। इंटरनेशनल एयरपोर्ट को शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और मनी एक्सचेंज काउंटर के लिए 4.98 अंक दिए गए हैं। इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर फ्लाइट इंफॉरमेशन स्क्रीन कैटेगरी में 4.81 प्वाइंट मिले। बैगेज सुविधा के लिए 4.88 अंक मिले हैं। लेकिन यहां पर बैगेज सिस्टम अभी तक केवल एक बनाया गया है।
इसके अलावा ग्राउंड ट्रांसपोर्टेशन के लिए 4.87 प्वाइंट और पार्किंग फैसिलिटी में 4.86 अंक मिले हैं। इस संबंध में इंटरनेशनल एयरपोर्ट के सीईओ सुनील दत्त ने बताया कि इंटरनेशनल एयरपोर्ट को कस्टमर सेटिसफेक्शन में पहला स्थान मिला है। एयरपोर्ट की सभी सुविधाओं को जल्द दुरुस्त किया जाएगा। इस साल एयरपोर्ट से फ्लाइटों का संचालन बढ़ाया गया है। आने वाले समय में बैंकाक सहित कई जगह के लिए इंटरनेशनल फ्लाइट का संचालन होगा।