दुनिया के 15 देशों से चंडीगढ़ को जोड़ने के लिए एयर इंडिया अब विशेष उड़ान शुरू करने जा रहा है। सुबह 7 बजे चंडीगढ़ से एयर इंडिया का विमान उड़ान भरेगा जो दिल्ली 7 बजकर 45 मिनट पर पहुंचेगा और इस दौरान 15 इंटरनेशनल और 16 डोमेस्टिक उड़ान चंडीगढ़ से पहुंचने वाले यात्री पकड़ सकेंगे। इसके साथ ही एयर विस्तारा शाम 7 बजे चंडीगढ़ से दिल्ली की उड़ान शुरू कर रहा है, जो यात्रियों को दिल्ली से इंटरनेशनल और डोमेस्टिक उड़ान पकड़ने में मदद करेगा।
चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू करवाने को लेकर दाखिल जनहित याचिका पर सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार ने यह जानकारी हाईकोर्ट को सौंपी है। हाईकोर्ट को बताया गया कि रनवे 29 पर कैट 2 इंस्टाल करने का काम जोरों पर है। यह काम पहले 31 मार्च तक पूरा किया जाना था लेकिन कुछ कारणों से इसकी मियाद बढ़ानी पड़ी लेकिन अब यह निश्चित रूप से 9 अप्रैल तक पूरा हो जाएगा और 10 अप्रैल से एयरपोर्ट 24 घंटे सातों दिन के लिए ऑपरेशनल हो जाएगा।