चंडीगढ़ सोमवार को भी घने कोहरे की चपेट में रहा। रविवार रात का तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो 2018 के बाद सबसे ठंडी रात थी।
रविवार को भी सुबह के समय जीरो विजिबिलिटी रही। सीजन में ऐसा पहली बार हुआ। धुंध इतनी ज्यादा थी कि लोग वाहन रोक रास्ता ढूंढते नजर आए। चंडीगढ़ मौसम केंद्र ने अगले दो दिन के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
मौसम केंद्र के अनुसार पिछले साल चंडीगढ़ में 18 जनवरी (3.3 डिग्री सेल्सियस) की सबसे ठंडी रात देखी गई थी। साल 2022 में चंडीगढ़ में सबसे कम एक जनवरी को न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। शहर में आखिरी बार जनवरी 2018 में न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम केंद्र ने अगले 48 घंटे के रेड अलर्ट की घोषणा की है।
सामान्य से ज्यादा ठंड झेल रहा शहर
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 13.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री कम रहा। पिछले कई दिनों से शहर का न्यूनतम तापमान सामान्य से ज्यादा दर्ज किया जा रहा था लेकिन रविवार को अचानक तापमान में काफी ज्यादा गिरावट आई है।
कोहरा बढ़ाएगा लोगों की परेशानी
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को दिन के समय में धूप निकल सकती है लेकिन शाम को शीतलहर परेशान करेगी। इस दौरान शहर का अधिकतम तापमान 14 डिग्री और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। सर्दी काफी ज्यादा रहेगी इसलिए मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने को कहा है।