चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड सेक्टर-63 में तैयार जनरल सेल्फ हाउसिंग स्कीम के फ्लैट्स के लिए अलॉटियों पर कोई अतिरिक्त आर्थिक बोझ नहीं देगा।
सात साल बाद अब भी ये फ्लैट्स अलॉटियों को उसी कीमत पर दिए जाएंगे, जो इसकी कीमत थी। इस स्कीम के तहत कुल 2108 फ्लैट्स निकाले गए थे, जिनमें 1720 फ्लैट्स का काम पूरा कर लिया गया है।
बाकी बचे टू बेडरूम के 388 फ्लैट्स को अगस्त में पूरा कर लिया जाएगा। चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड की सोमवार को हुई बैठक में स्पष्ट किया गया कि 1720 फ्लैट्स के नंबरों का ड्रॉ जून के पहले पखवाड़े में किया जाएगा और जुलाई 2015 तक अलॉटियों को पजेशन दे दिया जाएगा। ये फ्लैट्स मल्टी स्टोरी बनाए गए हैं।
इनमें एस प्लस 5 और जी प्लस 5 हैं। पहले ये फ्लैट्स जी प्लस थ्री स्टोरी के बनाए जाने थे, लेकिन ज्यादा ओपन एरिया के कारण इन फ्लैट्स को जी प्लस फाइव और एस प्लस फाइव बनाया गया। वित्त विभाग से इसके लिए दोबारा अलाटमेंट लेटर देने का अनुरोध किया गया है, जिसका इंतजार है।
फ्लैट्स के रेट
थ्री बेडरूम----------39.57 लाख रुपये
दो बेडरूम----------29.14 लाख रुपये
वन बेडरूम---------17.15 लाख रुपये
ईडब्लूएस-----------05.66 लाख रुपये
कई बाधाएं आईं
इस प्रोजेक्ट में कई बाधाएं आईं। नगर निगम मोहाली को 6.36 करोड़ रुपये देने के बाद मोहाली के सीवरेज से यहां के सीवरेज को लिंक करने की अनुमति मिल सकी। यह जनरल सेल्फ फाइनेंस स्कीम मार्च 2008 में लांच की गई थी। ड्रॉ के बाद अलॉटियों से संभावित कीमत की दस फीसदी रकम ली गई थी।