अब 3 नहीं 11 फेरे लगाएगी हॉप-ऑन हॉप ऑफ बस
- फोटो : File Photo
सिटी ब्यूटीफुल के प्रमुख पर्यटन स्थलों का दीदार कराने वाली हॉप ऑन-हॉप ऑफ बस के फेरे 3 से बढ़ाकर दिन में 11 कर दिए गए हैं।इतना ही नहीं अब पर्यटकों को पहले की तरह भागमभाग में पर्यटन स्थल देखने की जरूरत नहीं होगी। वह पर्यटन स्थलों पर अपनी मर्जी से समय बिता सकेंगे।
इससे पहले पर्यटक चाहकर भी अपनी मर्जी से कहीं ज्यादा देर नहीं रुक सकते थे। बस की रवानगी का समय होने के कारण उन्हें न चाहते हुए भी उसमें सवार होना पड़ता था। कई बार वह इसकी शिकायत भी कर चुके थे। लंबे समय से पर्यटक बस के फेरे बढ़ाने और बस ड्रॉप कर अगली बस में सवार होने की अनुमति मांगते रहते थे। पर्यटकों की मांग को देखते हुए अब प्रशासन ने बस के फेरे तो सीधे 4 गुणा यानी 11 कर ही दिए हैं। साथ ही उसी बस में चढ़ने की अनिवार्यता को भी खत्म कर दिया है। पर्यटक चाहें तो अगले फेरे तक किसी भी पर्यटन स्थल पर रुक सकते हैं और फिर उसमें सवार हो सकते हैं।
पर्यटक अपनी मनमर्जी से टूरिस्ट प्लेस का ले सकेंगे मजा
सिटको डबल डेकर बस
- फोटो : File Photo
हॉप ऑन-हॉप ऑफ बस सर्विस का संचालन सिटको करती है। सेक्टर-17 स्थित शिवालिक व्यू होटल से यह सर्विस शुरू होती है। अब सुबह 8 बजे से यह सर्विस शुरू होकर हर घंटे शाम 7 बजे तक उपलब्ध रहेगी। पहले बस जाने के बाद पर्यटकों को कई घंटे अगले फेरे का इंतजार करना पड़ता था।
लेकिन अब हर घंटे फेरे होने की वजह से पर्यटकों को खासी राहत मिली है। इस सर्विस के लिए पर्यटकों को पहले की तरह ही 50 रुपये चुकाने होंगे। होटल शिवालिक व्यू से शुरू होकर यह बस पर्यटकों को गवर्नमेंट आर्ट एंड हेरिटेज म्यूजियम दिखाते हुए कैपिटल कॉम्प्लेक्स, रॉक गार्डन और उसके बाद सुखना लेक दिखाती है। यानी अब सीटीयू की बसों की तरह ही बस बार-बार इस रूट पर चक्कर लगाती रहेगी।
पर्यटकों की मांग को देखते हुए एमडी सिटको के आदेश पर हॉप ऑन-हॉप ऑफ बस के फेरे 11 कर दिए गए हैं। पर्यटकों को इस बात की भी छूट रहेगी कि वह अगले किसी भी फेरे में आने वाली बस में चढ़ सकेंगे। पर्यटकों को अब पर्यटन स्थलों पर ज्यादा समय मिल सकेगा। - विजय शर्मा, जीएम, होटल शिवालिक व्यू, चंडीगढ़।