चंडीगढ़। शहर के विरासती फर्नीचर की नीलामी विदेश में अभी भी जारी है। अब 25 फरवरी को अमेरिका में चंडीगढ़ का विरासती फर्नीचर नीलाम होगा। वर्ष 2021 में शहर के विरासती फर्नीचर की यह चौथी नीलामी है। हेरिटेज प्रोटेक्शन सेल के सदस्य अजय जग्गा ने इस नीलामी की जानकारी अमेरिका की उप राष्ट्रपति कमला हैरिस को भेजी है और उनसे नीलामी को रुकवाने की मांग की है।
इस नीलामी में चंडीगढ़ की ईजी आर्म चेयर को रखा गया है, जिसकी कीमत 3.63 लाख से 5.09 लाख के बीच रखी गई है। अजय जग्गा ने बताया कि उन्होंने इस नीलामी की अग्रिम सूचना दी है, ताकि स्थानीय पुलिस की सहायता से नीलामी को रोकने का प्रयास किया जा सके। उन्होंने कहा कि विरासती फर्नीचर की नीलामी को रोकने के साथ ही इस पूरे मामले की जांच होनी चाहिए कि आखिरकार देश से बाहर विरासती फर्नीचर पहुंच कैसे रहा है। जो भी फर्नीचर की तस्करी में शामिल है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि एक अध्ययन के मुताबिक, हर साल अलग-अलग देशों में अरबों रुपये के विरासती सामानों की नीलामी होती है। प्रत्येक नागरिक का फर्ज है कि वह विरासती फर्नीचर की तस्करी व नीलामी को रोकने के लिए प्रयास करें।