चंडीगढ़ के 16 हजार 500 डीलर्स में से 12 हजार जीएसटी पोर्टल पर रजिस्टर्ड हो चुके हैं। बाकी का रजिस्ट्रेशन भी अगले कुछ दिनों में पूरा कर लिया जाएगा।
वीरवार को होटल माउंटव्यू में आयोजित जीएसटी पर सेमीनार में प्रशासन की ओर से यह जानकारी दी गई। सेमीनार में प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने मुख्यातिथि के तौर पर शिरकत की। सांसद किरण खेर, एडवाइजर परिमल राय, वित्त सचिव सर्वजीत सिंह, डीसी अजीत बालाजी जोशी भी इस मौकेपर मौजूद रहे। सेंट्रल एक्साइज के ज्वाइंट कमिश्नर राजन दत्ता, नई दिल्ली सीबीईसी जीएसटी के डिप्टी कमिश्नर रवनीत खुराना और एडवोकेट अजय जग्गा मुख्य वक्ता रहे।
इस मौके पर प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने कहा कि जीएसटी में भी चंडीगढ़ को देश की पहली सिटी बनाया जाएगा। इससे पहले एक्साइज एंड टैक्सेशन कमिश्नर कम डीसी जोशी ने बताया कि जीएसटी के लिए अधिकारियों की ट्रेनिंग हो चुकी है। डीलर्स को भी अपडेट किया जा रहा है। रवनीत खुराना ने बताया कि जीएसटी के बाद एक छोटी सी जगह का व्यापारी भी देश में कहीं भी बड़ी आसानी से व्यापार कर सकेगा। उसे यह नहीं सोचना होगा कि कर्नाटक में टैक्स क्या है और ओडिशा में क्या लगेगा?