चंडीगढ़ में गहरी धुंध के बीच गणतंत्र दिवस की फुल ड्रेस रिहर्सल
- फोटो : अमर उजाला
चंडीगढ़ में गणतंत्र दिवस की तैयारी को लेकर सेक्टर-17 स्थित परेड ग्राउंड में रिहर्सल की गई। इसको लेकर ट्रैफिक पुलिस ने आस-पास के क्षेत्र के रूट डायवर्ड किए हैं। साथ ही लोगों को परेशानी से बचाने के लिए एडवाइजरी भी जारी की है।
यह पाबंदी सुबह 9.30 से 10.15 बजे तक रही। उसके बाद सड़कों की एंट्री खोल दी गई। इससे सेक्टर-17 में दाखिल होने वालों और इसके पास से गुजरने वाले लोगों को थोड़ी दिक्कत का सामना करना पड़ा। हर साल सेक्टर-17 में गणतंत्र दिवस पर भव्य समारोह का आयोजन किया जाता है।
ये रास्ते रहे बंद
सेक्टर-16 से सेक्टर-16/17 लाइट प्वाइंट से मटका चौक और वहां न्यू बेरिकेड चौक तक रास्ते बंद रहे। इसके अलावा न्यू बेरिकेड चौक से ओल्ड बेरिकेड चौक होते हुए वार मेमोरियल, बौगनविला गार्डन और सेक्टर-3 जाने वाले रास्ते बंद रहे। सेक्टर-16 स्टेडियम चौक से लेकर सचिवालय चौक और राजभवन तक आने-जाने वाले वाहन चालकों को वैकल्पिक सड़कों का प्रयोग करने को कहा गया था।