सेक्टर 17 में आग बुझाते वक्त मौत का शिकार हुए दमकल विभाग के कर्मचारी अमनदीप और एयरफोर्स के फायर मैन रविंदर के शवों का पोस्टमार्टम सोमवार सुबह पांच बजे किया गया। जीएमएसएच-16 ने सवेरे ही डाक्टरों को बुला लिया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि दोनों की मौत ज्यादा खून बहने, फैक्चर और दम घुटने से हुई है।
अस्पताल की रिपोर्ट के मुताबिक अमनदीप का बायां हाथ कटने से उसका काफी खून बह गया। अंदर ही दबे होने के कारण उसे सास लेने में दिक्कत आ रही थी। बाद में उसे हेमरेज का अटैक भी आया है।
एयरफोर्स कर्मी रविंदर कुमार की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, बिल्डिंग ढहने से उसके गर्दन की हड्डी टूट गई। उनकी गर्दन के पास सी-1, सी-2 में जबरदस्त फैक्चर हुआ था। उसके बाद सफोकेशन की स्थिति भी पैदा हुई और दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम के बाद दोनों ही शव परिजनों को सौंप दिए गए।
अस्पताल से मिली छुट्टी
हादसे के दौरान चार फायर कर्मियों को जीएमएसएच-16 में भर्ती कराया गया था। आग बुझाते वक्त रघुवीर सिंह, जतिंदर दहिया, शेखर और सचिन के शरीर में धुआं चढ़ गया था। इससे उन्हें भी सांस लेने में दिक्कत आ रही थी। उन्हें रविवार रात को भर्ती कराया गया था। सोमवार सवेरे उन्हें छुट्टी दे दी गई।