गुजरात के मूल निवासी सहदेव परमार साल 2010 में पंजाब विश्वविद्यालय में पढ़ने के लिए आए। यहां से एमफार्मा की डिग्री हासिल की, लेकिन बावजूद इसके फार्मेसी के प्रोफेशन में न जाकर ऑनलाइन सेल्स का कारोबार शुरू किया।
सहदेव ने ट्राइसिटी के लोगों के लिए सबसे पहले साल 2012 में सब्जी और फल की निशुल्क होम डिलीवरी के लिए ‘ताजा स्टफ’ के नाम से वेबसाइट लांच की।
इसका यहां के कर्मचारी परिवार काफी फायदा ले रहे हैं। अब इन ऑनलाइन वेबसाइट पर ट्राइसिटी के निवासी सारा राशन बुक करवाकर घर मंगवा रहे हैं। सहदेव ने इस कारोबार के लिए कोई भी आफिस नहीं बनाया है। सारा कारोबार ऑनलाइन ही हो रहा है। उनकी कंपनी का टर्न ओवर साल का 30 लाख रुपये तक पहुंच गया है।
अगले सप्ताह लांच करेंगे मोबाइल एप्प
ताजा स्टफ कंपनी की ओर से अगले सप्ताह मोबाइल एप्प लांच की जा रही है। इसमें ट्राइसिटी के लोग सब्जी, फल और राशन के लिए आर्डर कर सकते हैं। कंपनी के संचालक सहदेव का कहना है कि इस एप्प के लांच होने के साथ ही पहले जो आर्डर छह घंटे में डिलीवर होते थे वह अब आधे घंटे में कर दी जाएगी। उनका कहना है कि ट्राइसिटी की 18 दुकानों को इस सुविधा के साथ जोड़ा गया है।
बिजनेस ही करना चाहता था
सहदेव परमार का कहना है कि उनके मन में हमेशा ही बिजनेस करने की चाह थी। अन्य कोई कारोबार करने के लिए काफी मोटी रकम की जरूरत थी। उस समय अलग-अलग कंपनियों की ओर से ऑनलाइन वेबसाइट लांच की जा रही थी। ऐसे में सोचा कि ऐसा कारोबार किया जाए जिसकी हर किसी को जरूरत हो। इसलिए सब्जी और फलों का ऑनलाइन कारोबार शुरू किया।
250 की सब्जी मंगवाएं
ऑनलाइन बुकिंग करवाने के बाद कंपनी की गाड़ी घर पर ही निशुल्क सामान पहुंचा देती है, लेकिन शर्त यह है कि अगर सब्जी और फल मंगवाने हैं तो कम से कम 250 रुपये का आर्डर होना जरूरी है और राशन का 500 रुपये का।