चंडीगढ़। कोरियर कंपनी से क्रॉकरी के सामानों में 100 करोड़ की कोकीन छिपाकर ऑस्ट्रेलिया भेजने की कोशिश के मामले में सेक्टर-31 थाना पुलिस ने मुख्य तस्कर समेत दो आरोपियों को चेन्नई से गिरफ्तार किया है। पुलिस चेन्नई निवासी इन दोनों आरोपियों जाफर शरीफ (28) और विजय कुमार (41) को तीन दिन के ट्रांजिट रिमांड पर चंडीगढ़ लेकर आई है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी इससे पहले चंडीगढ़ की ही कोरियर कंपनी से छह पेटियों में करीब 150 किलो सामान ऑस्ट्रेलिया भेज चुके हैं। पुलिस ने इसकी जानकारी नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) से साझा किया है।
पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह का मुख्य सरगना जाफर शरीफ है, जो पिछले काफी समय से नशा तस्करी से जुड़ा हुआ है। पकड़े गए दोनों आरोपियों और पहले पकड़े गए आरोपी अशफाक रहमान को आमने-सामने बिठाकर पूछताछ की जाएगी। पुलिस अब तीनों से पूछताछ करेगी कि डेढ़ सौ किलो सामान में कितना नशा सप्लाई किया गया था।
गौरतलब है कि 13 मई को औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 स्थित एक्सेल वर्ल्ड वाइड कोरियर कंपनी में अशफाक रहमान दो पेटियों में रखे क्रॉकरी के सामानों को ऑस्ट्रेलिया में टॉम नामक शख्स के पास भेजने के लिए बुकिंग करवाने पहुंचा था। उसने कहा कि दोनों पेटियों में गिलास, ट्रे, कप प्लेट समेत अन्य क्रॉकरी के सामान हैं। यह सामान चेन्नई की एक कंपनी का है, जिसे ऑस्ट्रेलिया में सैंपल के रूप में भेजना है। कंपनी ने सामान चेक किया तो उन्होंने पाया कि लकड़ी के ट्रे के बीच कोकीन का पैकेट छिपा कर रखा गया है। मामले का खुलासा होने पर आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने पाया कि लकड़ी की 14 ट्रे में 10.24 किलोग्राम कोकीन के पैकेट हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सेक्टर 26 स्थित भवन में अपना ठिकाना बनाया हुआ था और वह पहले भी सेक्टर 22 स्थित एक कोरियर कंपनी से ऑस्ट्रेलिया सामान भेज चुका था। पूछताछ में आरोपी ने बताया था कि कोकीन चेन्नई से जाफर और विजय नामक व्यक्ति ने भेजा था। इसके बाद पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी अशफाक रहमान का 10 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया था। आरोपियों को पकड़ने के लिए सेक्टर 31 थाना की पुलिस आरोपी अशफाक को लेकर चेन्नई रवाना हुई थी।