चंडीगढ़। वित्तीय संकट के बाजवूद नगर निगम सात नई गाड़ियां खरीदने जा रहा है। सोमवार को हुई वित्त एवं अनुबंध कमेटी की बैठक में यह एजेंडा पास किया गया। इसमें भी तीन गाड़ियां रिजर्व में रखने के लिए खरीदी जा रही हैं। इन गाड़ियों की कीमत लगभग 47 लाख रुपये होगी।
नगर निगम ने वित्त की समस्या के कारण पिछले साल अपने अधिकारियों के पेट्रोल भत्ते में कटौती की थी। वहीं सदन में एजेंडे पर चर्चा करते हुए कहा था कि गाड़ी खरीदने के बजाय किराए पर ली जाएंगी। इसमें निगम को न चालक का खर्चा देना होता है और न गाड़ियों की देखरेख की समस्या होती है। कंपनी को हर माह एकमुश्त राशि देकर बेहतर सेवाएं लेना अच्छा विकल्प है।
वहीं अब निगम अपने ही प्रस्ताव से पलटते हुए गाड़ियां खरीदने जा रहा है। इसमें पांच गाड़ियां सियाज 35 लाख और 2 स्विफ्ट डिजायर 12 लाख में खरीदने का प्रस्ताव है। 2 सियाज में से एक एसई बीएंडआर और एक एमओएच के लिए, वहीं एक डिजायर बागवानी विभाग के एक्सईएन और दूसरी एसई बिजली विभाग के लिए है। 3 सियाज निगम रिजर्व में खरीद रहा है, ताकि आपातकाल स्थिति में गाड़ियां उपलब्ध कर सके।
बैठक में मेयर रविकांत शर्मा, आयुक्त केके यादव, कमेटी सदस्य राजेश कुमार, विनोद अग्रवाल, सुनीता धवन, अतिरिक्त आयुक्त तिलकराज, एसके जैन, अनिल गर्ग, संयुक्त आयुक्त सौरभ अरोड़ा, चीफ इंजीनियर शैलेंद्र सिंह, एसई बीएंडआर संजय अरोड़ा, एसई बागवानी विभाग कृष्णपाल सिंह, एमओएच डॉ. अमृतपाल वड़िंग मौजूद रहे।
2 माह के लिए होंगी तरबूज व नारियल की साइटें
बैठक में तरबूज और नारियल की साइटों के लिए नियम बनाने की सहमति के साथ ही दो माह के लिए साइट देने की स्वीकृति दी गई। शांतिकुंज की दुकानों को हर माह 24 हजार रुपये प्रतिमाह किराए पर दिया जाएगा। वहीं 45.31 लाख रुपये से बुड़ैल में व सेक्टर 45-सी और डी में सीवर सिस्टम ठीक करने के लिए स्वीकृति दी गई। सेक्टर-29, 33, 35, 47, शिवालिक गार्डन व मनीमाजरा के बागवानी विभाग के स्टोर में पड़े बेकार सामान के नीलामी करने की स्वीकृति दी गई। 33.85 लाख की लागत से सेक्टर-37 के वाटर वर्क्स में चहारदीवारी ऊंचा करने व अन्य कार्यों को मंजूरी दी गई। सेक्टर-22 में 21.61 लाख से निर्माण कार्य के लिए भी प्रस्ताव पास किया गया।