फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोरोनाः चंडीगढ़ में 8 मरीज, परेशानी- 14 दिन के क्वारंटीन के बाद दिखे लक्षण, 57 लोगों से मिला था

Sat, 28 Mar 2020 11:50 AM IST
खुशबू गोयल अमर उजाला, चंडीगढ़
विज्ञापन
चंडीगढ़ में सैनिटाइजर करते कर्मी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

चंडीगढ़ में शुक्रवार को एक और संदिग्ध मरीज में कोरोना की पुष्टि हुई। इसके बाद यहां कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़कर 8 हो गई है। पॉजिटिव पाया गया 22 वर्षीय युवक जीएमसीएच में भर्ती है और वह कुछ समय पहले दुबई से लौटा है। युवक में लक्षण 10 दिन में ही दिखने लगे थे, लेकिन उसने अस्पताल को 15 दिन बाद रिपोर्ट की। जिसके बाद उसे जीएमसीएच में भर्ती कराया गया था। वह दुबई से आने के बाद से ही क्वारंटीन में था।

विज्ञापन


ऐसे में चिंताजनक बात यह है कि क्वारंटीन में रहने के बाद भी संक्रमण का खतरा टलता नहीं है। शुक्रवार को जो युवक पॉजिटिव मिला, उसमें क्वारंटीन खत्म होने के बाद लक्षण दिखने शुरू हुए थे। दुबई से 22 वर्षीय एक युवक 11 मार्च को चंडीगढ़ लौटा था। 14 दिन तक घर पर क्वारंटीन में रहा। अचानक से उसे 15वें दिन बुखार की शिकायत हुई तो उसमें कोरोना वायरस की पुष्टि हुई। घर-परिवार के साथ डॉक्टर भी हैरान रह गए। यूटी सलाहकार मनोज परिदा ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने केंद्र को इस मामले की जानकारी दे दी है।

इस केस के सामने आने के बाद अब यह भी कहा जा रहा है कि क्वारंटीन की समय-सीमा पूरी होने के बाद आश्वस्त मत रहिए कि आपको कोरोना नहीं होता। सेक्टर 32 स्थित गवर्मेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. बीएस चव्हाण ने कहा कि भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के नियमों के अनुसार, क्वारंटीन की समय-सीमा 14 दिन है। इस मामले के सामने आने के बाद मरीज की विदेश यात्रा के साथ अन्य जानकारियों की जांच भी की जाएगी। अगर ऐसा कुछ है तो हमें क्वारंटीन की समय-सीमा पर विचार करना होगा।  
विज्ञापन


 

कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आने वाले 57 लोगों की पहचान

स्वास्थ्य विभाग की ओर मिली जानकारी के मुताबिक, सेक्टर-30 निवासी 22 वर्षीय कोरोना पॉजिटिव युवक अब तक 57 लोगों के संपर्क में आ चुका है। इन सभी की पहचान कर इन्हें होम क्वारंटीन कर दिया गया है। इनमें 7 लोग उसके संपर्क में ज्यादा थे। इनके अलावा उसकी मां भी सबसे ज्यादा संपर्क में रही है।

वहीं, अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी की जा रही है, जो इस मरीज के संपर्क में आए हैं। युवक पेशे से मैकेनिक है और दुबई से लौटने के बाद युवक लगातार काम पर जा रहा था, इसलिए वह कई लोगों के संपर्क में आ गया। बीते 25 मार्च को उसे जीएमसीएच 32 में भर्ती कराया गया था।

26 मार्च को उसके सैंपल भेजे गए और आज पीजीआई से उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद अधिकारियों ने तत्काल उसकी हिस्ट्री निकालनी शुरू कर दी। मरीज का पिता दुबई जबकि भाई कनाडा में रहता है। अधिकारियों के अनुसार मरीज की हालत फिलहाल स्थिर है। 

इनकी रिपोर्ट आई निगेटिव 
डेराबस्सी निवासी एक 49 वर्षीय पुरुष को जीएमसीएच-32 के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया था। इसकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। फिलहाल संदिग्ध मरीज की विदेश यात्रा के बारे में कोई जानकारी विभाग के पास नहीं है। वहीं, यूएसए से लौटी चंडीगढ़ की एक 25 वर्षीय महिला को जीएमएसएच-16 के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया था, उसकी भी रिपोर्ट निगेटिव है। 

वहीं, मोहाली के मैक्स अस्पताल में भी चंडीगढ़ निवासी 25 वर्षीय युवक, चंडीगढ़ के 20 वर्षीय युवक की रिपोर्ट निगेटिव आई है। वहीं, हीलिंग अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती चंडीगढ़ निवासी 64 वर्ष की महिला की रिपोर्ट भी निगेटिव आई है। वहीं, मोहाली के मैक्स अस्पताल में भर्ती कराए गए चंडीगढ़ के एक 35 वर्षीय पुरुष का नमूना पर्याप्त न होने के कारण फिर से सैंपल लिया गया है। उसकी रिपोर्ट भी आनी बाकी है।
विज्ञापन

कोरोना वायरस से चल रही जंग में सहयोग की अपील

प्रशासक ने नागरिकों के बीच सामाजिक दूरी सुनिश्चित करने पर जोर दिया है। शहर के निवासियों से कोरोना वायरस से चल रही जंग में सहयोग की अपील की है। उन्होंने सभी निवासियों से अपील की है कि वे भारत सरकार के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के निर्धारित मानदंडों का पालन करें। प्रशासक ने फिर से शहर में आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया है। 

प्रशासक को यह सूचित किया गया कि दैनिक आधार पर लगभग 15000 जरूरतमंद व्यक्तियों को भोजन वितरित किया गया है। चंडीगढ़ प्रशासन के कर्मचारियों को तैनात करके सीटीयू बसों के माध्यम से पुनर्वास कालोनियों, स्लम क्षेत्रों और गांवों में राशन और सब्जियों की आपूर्ति जारी रहेगी। प्रशासक ने शहर में विभिन्न वस्तुओं की उपलब्धता की समीक्षा की। इसके अलावा सामानों का डोर-टु-डोर डिलिवरी सिस्टम भी जारी रहेगा। 

कोरोना के चलते मकान खाली कराने को कहा तो होगी कार्रवाई 
एडवाइजर मनोज परिदा ने ट्वीट कर कहा है कि ऐसे मकान मालिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी, जो डॉक्टर, नर्स और दूसरे अस्पतालकर्मियों को मकान खाली करने को कहेंगे। कहा है कि कोरोना के डर से डॉक्टरों और नर्सों से जबरन मकान खाली कराने वाले मालिकों पर आपराधिक मुकदमा चलाया जाएगा। बता दें कि कई मकान मालिक कोरोना फैलने के डर से डॉक्टर और दूसरे स्वास्थ्यकर्मियों को मकान खाली करने को कह रहे हैं। प्रशासन ने अब इन मकान मालिकों पर कार्रवाई का मन बना लिया है। 

पीजीआई ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
कोरोना के प्रति लोगों को जागरूक करने व उनके तमाम सवालों के जवाब देने के लिए पीजीआई ने शुक्रवार को हेल्पलाइन नंबर जारी किया। हेल्पलाइन नंबर 0172-2755444 पर सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक कॉल करके कोरोना वायरस से जुड़ी जानकारी ली जा सकती है। इसके अलावा मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित जानकारी भी ली जा सकती है। ये हेल्पलाइन सातों दिन काम करेगा। इस नंबर पर कोरोना के इलाज से जुड़ी या अन्य इमरजेंसी स्थिति से संबंधित कोई मदद नहीं मिलेगी।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें