माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। कोरोना टीकाकरण अभियान में शनिवार को 18 से 44 साल के बीच के 3758 लाभार्थियों को टीके की पहली खुराक लगाई गई। एक लाभार्थी ने दूसरी खुराक लगवाई। स्वास्थ्य विभाग ने इस उम्र के लोगों के लिए प्रतिदिन 4000 स्लॉट की बुकिंग शुरू कर दी है। पहले दिन 242 लाभार्थी टीका लगवाने से चूक गए। स्वास्थ्य निदेशक डॉ. अमनदीप कंग ने बताया कि इस उम्र के लाभार्थियों के लिए अभी टीके का 5 दिन का स्टॉक उपलब्ध है। 45 से ज्यादा उम्र के लाभार्थियों के लिए सरकार की तरफ से शनिवार को टीके की 50,000 खुराक और उपलब्ध करा दी गई है। डॉ. कंग ने कहा है कि स्वास्थ्य विभाग प्रयास है कि ज्यादा से ज्यादा लाभार्थियों को टीका लगाकर सुरक्षित कर दिया जाए।
उधर, शनिवार को शहर के 69 केंद्रों पर 5850 लाभार्थियों ने टीका लगवाया। 18 साल से ज्यादा उम्र के 3758 लाभार्थियों ने टीके की पहली खुराक लगवाई। 132 स्वास्थ्यकर्मियों को पहली व 4 को दूसरी लगाई गई। अग्रिम पंक्ति के 42 कर्मचारियों को पहली व 8 को दूसरी खुराक लगाई गई। 45 से 60 साल के बीच के 1287 लाभार्थियों को पहली व 138 लाभार्थियों को दूसरी खुराक लगाई गई, जबकि 60 साल से ऊपर के 429 लाभार्थियों ने पहली व 59 ने दूसरी खुराक लगवाई।