उधर, चंडीगढ़ में बुधवार को 81 नए मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई। इनमें जीएमसीएच-32 के 14 जूनियर डॉक्टर, 2 इंटर्न और 11 नर्सिंग ऑफिसर भी शामिल हैं। इससे पहले 9 अगस्त को वहां 16 लोगों में एक साथ कोरोना की पुष्टि हुई थी। डॉक्टरों और कर्मचारियों का कहना है कि अस्पताल में संक्रमण से बचाव के मानकों में की जा रही अनदेखी भारी पड़ रही है।
वहीं दूसरी तरफ इंडस्ट्रियल एरिया स्थित ईएसआई हॉस्पिटल के ऑपरेशन थिएटर का स्टाफ भी पॉजिटिव पाया गया है। इसके बाद ओटी को सैनिटाइज कर 24 घंटे के लिए बंद कर दिया गया है जबकि ईपीएफ कार्यालय में पॉजिटिव केस मिलने के बाद उसे भी सैनिटाइज कर अगले 48 घंटे के लिए बंद कर दिया गया है। यहां कुछ दिन पहले भी एक पॉजिटिव केस मिला था, जिसके बाद कार्यालय को बंद कर दिया गया था।
मौसम विभाग के एक वैज्ञानिक भी मिले पॉजिटिव, कार्यालय बंद
मनीमाजरा के हाउसिंग कांप्लेक्स में रहने वाले मौसम विभाग के एक वैज्ञानिक कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। मौसम विभाग के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल के मुताबिक उनके वैज्ञानिक 8 अगस्त को ऑफिस आए थे। उस दौरान उन्हें पीठ में दर्द शिकायत और कुछ कोरोना के लक्षण मिले। जांच कराने पर उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सेक्टर- 39 स्थित मौसम विभाग के दफ्तर को सैनिटाइज कर अगले 48 घंटे के लिए उसे बंद कर दिया गया है। डायरेक्टर सुरेंद्र पाल का कहना है कि ऑफिस बंद होने की वजह से कुछ दिन मौसम के पूर्वानुमान और डाटा देने में दिक्कत आ सकती है।
सेक्टर-21 में पत्नी से विवाद के चलते बीते 10 अगस्त को फंदा लगाने वाले व्यक्ति की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। घटना के बाद उसके शव को जीएमसीएच-32 में रखवाया गया था, जहां बुधवार को उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। सेक्टर-19 थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। बता दें कि बीते 10 अगस्त को सेक्टर-21 के रहने वाले जतिंदर ने घर में फंदा लगा लिया था।
परिजनों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। पुलिस की छानबीन में सामने आया कि जतिंदर फोटोग्राफी का काम करता था। करीब 9 साल पहले उसने लव मैरिज की थी। पत्नी से विवाद के चलते वह अलग रह रहा था। उसका चार साल का एक बेटा भी है।
पंचकूला में कोरोना के 41 नए मामले
पंचकूला में भी कोरोना का संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को 41 नए मामले सामने आए हैं। इनमें आईटीबीपी के सात जवान भी शामिल हैं। कोरोना के चार मामले जीरकपुर, अंबाला, हिमाचल प्रदेश और हिसार से भी आए हैं। पंचकूला के सेक्टर-27 में 6, अभयपुर में 4, सेक्टर-18 में 3, सेक्टर-9 में 2 और मोरनी में 3 मामले पॉजिटिव मिले हैं।
इसी प्रकार एमडीसी सेक्टर-5, कांगुवाला, सेक्टर-20 आशियाना, बुढनपुर, सेक्टर-26, सेक्टर-23, अमरावती एन्कलेव, राजीव कॉलोनी, सेक्टर-20, सेक्टर-17, मोगीनंद और बरवाला में एक-एक मामला पॉजिटिव आया है। उपायुक्त मुकेश कुमार आहूजा ने बताया कि जिले में अब 372 एक्टिव मामले हैं। 684 पॉजिटिव केस ठीक हो गए हैं। शेष का स्वास्थ्य विभाग की तरफ से इलाज किया जा रहा है।