कोरोना वायरस तेजी से लोगों को चपेट में लेने लगा है। बुधवार को जिले में कोरोना वायरस से चार लोगों की मौत हो गई और 174 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिले में कोरोना से अब तक 89 लोगों की मौत हो चुकी है। संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3432 हो गई है। बुधवार को एक दिन अभी तक के सबसे अधिक मरीज मिले हैं। इससे पहले 166 मरीज एक दिन में संक्रमित मिले थे।
होशियारपुर: 27 नए संक्रमित मिले
होशियारपुर में बुधवार को 1257 नमूनों की रिपोर्ट मिली। इसमें से 27 लोग पॉजिटिव मिले हैं। जिले में अब संक्रमितों की संख्या 760 हो गई है। सिविल सर्जन डॉ. जसवीर सिंह ने बताया कि इनमें ब्लॉक पोसी के 2 केस, भुंगा के 1 केस, दसूहा का 1 केस, चक्कोवाल का 1, टांडा का 1, हाजीपुर के 2, पालदी के 7, गढ़शंकर के 6, होशियारपुर शहर के 6 मरीज शामिल हैं। होशियारपुर शहर के 6 मामले पुलिस लाइन, बंजरबाग, फगवाड़ा रोड से संबंधित हैं।
बठिंडा: दो कोरोना संक्रमितों की मौत, 56 नए केस
बठिंडा से संबंधित दो कोरोना संक्रमितों की बुधवार को मौत हो गई। जिले में अब तक कोरोना से मरने वालों की संख्या 16 हो चुकी है। दोनों मृतकों में से एक शहर, दूसरा गांव निवासी है। इस की पुष्टि डिप्टी कमिश्नर बी श्रीनिवासन ने की। डीसी ने बताया कि बुधवार को 56 नए कोरोना संक्रमित केस आए।
फिरोजपुर में बुधवार को दस पुलिस मुलाजिमों समेत 29 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। जिले में अब कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या लगभग 730 हो चुकी है। इनमें से 361 एक्टिव केस हैं। कोरोना पीड़ित मरीजों की इलाज फिरोजपुर व गुरुहरसहाए के सिविल अस्पताल में चल रहा है।
मुक्तसर: आठ और संक्रमित आए सामने
मुक्तसर में कोरोना पॉजिटिव आठ नए केस सामने आए हैं। सिविल सर्जन डॉ. हरि नारायण ने बताया कि जिले में अब एक्टिव मरीजों की संख्या 96 हो गई है। अब तक 16,312 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। इसमें से 15,360 लोगों के सैंपल निगेटिव आए हैं। 337 लोग कोरोना पाजिटिव पाए गए हैं। डॉ. सिंह ने बताया कि कोरोना एक्टिव मरीजों में से 16 मरीजों को गांव थेहड़ी, नौ मरीज कोविड वार्ड मुक्तसर, 56 लोगों को घर में आइसोलेट किया गया है। सात मरीज अन्य जिलों में दाखिल हैं।
पठानकोट: कोरोना संक्रमित मिले पत्रकार की अमृतसर में मौत, 20 नए मरीज मिले
पठानकोट में कोरोना के मामले बढ़ते जा रहे हैं। मंगलवार देर रात हिंदी दैनिक अखबार के पत्रकार की मौत हो गई। यह पत्रकार पिछले 3 दिन से अमृतसर जीएनडीएच में भर्ती था और उसे डायबिटीज की शिकायत थी। जबकि, 20 नए मामले सामने आए हैं। डीसी संयम अग्रवाल ने बताया कि बुधवार को 486 लोगों की रिपोर्ट पठानकोट पहुंची। जिनमें से 14 पॉजिटिव आए और 472 लोग निगेटिव पाए गए। वहीं 6 लोग एंटीजेन टेस्ट में संक्रमित पाए गए। डीसी ने बताया कि अब तक कुल 648 कोरोना पाजिटिव केस सामने आ चुके हैं। इनमें 422 लोग ठीक हो चुके हैं। जबकि कोरोना पाजिटिव 15 लोगों की मौत हो चुकी है। जिले में 211 केस एक्टिव चल रहे हैं।
सिविल सर्जन डॉ. सुरेंद्र सिंह ने बताया कि बुधवार को कोरोना से गांव हरलालपुर में 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। वह पिछले महीने से पीजीआई चंडीगढ़ में ब्लड कैंसर के कारण भर्ती था। वहीं जिले में बुधवार को कोरोना के 20 नए मामले आए। जिले में अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है।
नए मामलों में मंडी गोबिंदगढ़ और अमलोह में 3 केस हैं। इसमें सुरजीत नगर मंडी गोबिंदगढ़ की 60 वर्षीय महिला व 16 वर्षीय लडक़ी पॉजिटिव है।अमलोह के गांव बरौंगा में भी 21 वर्षीय युवक पॉजिटिव मिला है। सब-डिवीजन खमाणों के संघौल इलाके में चार कोरोना के नए मामले आए हैं।
इसके अलावा पब्लिक हेल्थ सेंटर नंदपुर क्लौड़ में दो, डिस्ट्रिक्ट हेल्थ दफ्तर में एक, सीएचसी बस्सी पठाना में एक, पीएचसी चनार्थल में एक, सीएचसी चनार्थल में चार, सीएचसी बस्सी पठाना में एक और फतेहगढ़ साहिब डिस्टिक हेल्थ आफिस में 2 मामले कोरोना वायरस के पाए गए हैं।
गुरदासपुर में कोरोना से दो की मौत, 14 अन्य संक्रमित
गुरदासपुर में बुधवार को 14 अन्य संक्रमित पाए गए। जबकि दो संक्रमितों की मौत हो गई। मृतकों में एक मरीज बटाला का रहने वाला 63 साल का पुरुष था। जबकि दूसरी गुरदासपुर की 72 साल की महिला थी। गुरदासपुर में कुल मृतकों की संख्या 28 हो गई है। वहीं बुधवार को 64 लोगो ने कोरोना को मात दी है।
सिविल सर्जन डॉ. किशन चंद ने बताया कि बुधवार को जिले में 44 हजार 908 संदिग्ध लोगों की सैंपलिंग की गई है। जिनमें से 43 हजार 128 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। उन्होंने बताया कि राहत की खबर है कि जिले में 64 लोगों ने कोरोना को मात दी है। जिसके चलते अब तक 672 लोग ठीक हुए है।
संक्रमित मरीजों में से गुरदासपुर में 14, बटाला में 5, धारीवाल में 15, एमएच-172 में 2, पठानकोट में 2, मोहाली में 2, अमृतसर में 15, पठानकोट के चिंतपूर्णी मेडिकल कालेज में 3, लुधियाना में 2, पाटेल अस्पताल में 5, मध्य प्रदेश में 1, पीजीआई में 1 आईसोलेट है।
फरीदकोट में कोरोना महामारी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार को भी 32 लोगों की कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आई जिन्हें आइसोलेशन वार्ड व कोविड केयर सेंटर में शिफ्ट करवाया गया। डिप्टी कमिश्नर विमल कुमार सेतिया व सिविल सर्जन डॉ. राजिंदर कुमार ने बताया कि नए केसों में ज्यादातर मामले पहले से संक्रमित मिले लोगों के संपर्क वाले ही है। इसके अलावा 13 मरीजों को ठीक होने के चलते डिस्चार्ज करके घर भेज दिया गया है। जिले में कोरोना के कुल 455 मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें से 326 ठीक हो चुके हैं और एक की मौत हो चुकी है, जबकि 128 एक्टिव केस हैं।
पटियाला में कोरोना से चार की मौत, 120 नए संक्रमित आए
पटियाला जिले में बुधवार को कोरोना से जहां चार लोगों की मौत हो गई, वहीं 120 नए कोविड पाजिटिव केस भी सामने आए। सिविल सर्जन डॉ. हरीश मल्होत्रा ने बताया कि इस तरह से अब पटियाला जिले में कोविड पाजिटिव केसों की गिनती 3215 हो गई है। साथ ही बताया कि 120 नए कोविड पाजिटिव केसों में 48 पटियाला शहर से हैं, वहीं 16 राजपुरा, 18 नाभा, 9 समाना और 29 विभिन्न गांवों से हैं।
इनमें सात गर्भवती महिलाएं, सरकारी व निजी अस्पतालों में काम करते चार सेहत कर्मचारी और दो पुलिस मुलाजिम भी शामिल हैं। जिले में बुधवार को कोरोना से चार और मौतें हो जाने के बाद कोविड पाजिटिव मरीजों की मौतों की गिनती 60 हो गई है। वहीं बुधवार को जिले में सेहत विभाग की टीमों द्वारा अलग-अलग स्थानों से 928 के करीब सैंपल कोविड जांच को लिए गए।
लुधियाना में बुधवार को तीन महिलाओं सहित 13 लोगों की मौत हो गई। अभी तक जिला लुधियाना में 200 लोग दम तोड़ चुके है, जोकि कोरोना संक्रमित होने के अलावा अन्य बीमारियों से भी ग्रसित थे। वही बुधवार को लुधियाना में 255 कोरोना संक्रमण के नए मामले सामने आए हैं। अब तक लुधियाना में 5767 लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं।
अभी तक 3871 लोग कोरोना को हरा चुके हैं। इस समय 1699 कोरोना एक्टिव केस हैं। सिविल सर्जन डॉक्टर राजेश बग्गा ने बताया कि लुधियाना में बुधवार को 255 कोरोना संक्रमित मामले आए हैं, इसमें 243 केस सिर्फ लुधियाना से संबंधित हैं। इन केस में फ्लू कॉर्नर पर 80, कोरोना संक्रमितों के संपर्क में आने से 56, ओपीडी 25, पुलिस मुलाजिम आठ, हेल्थ केयर वर्कर नौ, ट्रैवलर पांच, गर्भवती महिलाएं नौ, अनट्रेस 49 व अन्य दो शामिल है। इसी तरह बुधवार को सात लोगों की मौत हुई है।
इसमें शेखपुरा से 47 वर्षीय पुरुष, जनता नगर से 58 वर्षीय पुरुष, ढंडारीर से 60 वर्षीय पुरुष, राहो रोड से 65 वर्षीय पुरुष, गुरमेल रोड से 60 वर्षीय महिला, प्रीतम नगर मॉडल टाउन से 66 वर्षीय महिला व विश्वकर्मा चौक से 70 वर्षीय महिला शामिल है। सेहत विभाग ने 1017 सैंपल जांच करने के लिए भेजे है। वहीं प्रशासन की तरफ से 19 माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं।