चंडीगढ़ टेरिटोरियल कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को नगर निगम चुनाव का घोषणा पत्र जारी कर दिया। हालांकि, इस घोषणा पत्र में किसी बड़े प्रोजेक्ट का जिक्र नहीं है, लेकिन मूलभूत सुविधाओं में सुधार का दावा किया गया है। घोषणा पत्र जारी करते हुए प्रदीप छाबड़ा ने कहा कि शहर के लोगों पर थोपे गए हाउस टैक्स को कम किया जाएगा। वरिष्ठ नागरिकों और विधवाओं को (जिनकी आय दस हजार रुपये प्रतिमाह से कम है) उन्हें आवासीय एवं व्यवसायिक संपत्ति कर से मुक्त किया जाएगा।
कर्मचारियों के इंटर कैडर ट्रांसफर को बंद कराने के साथ ही सरकारी कर्मचारियों को हाउसिंग स्कीम के लिए जमीन अलाट करवाई जाएगी। सेक्टर-17 की तर्ज पर शहर में और भी कई जगह पर मल्टी लेवल पार्किंग का निर्माण किया जाएगा। सेक्टरों की सभी हाउस वेलफेयर एसोसिएशनों को अपने छोटे छोटे विकास कार्यों के लिए उचित बजट मुहैया करवाया जाएगा।
नगर निगम में आनेवाले गांवों व कालोनियों के विकास के लिए फंड मुहैया करवाया जाएगा। आवासीय संस्थाओं की भागेदारी के साथ निगम क्षेत्र में प्रदूषण का नियंत्रण, हरियाली का सौंदर्यीकरण के लिए वित्तीय सहायता निगम के बजट से की जाएगी।
नए प्रोजेक्ट का जिक्र नहीं, मूलभूत सुविधाओं पर दिया जोर
कांग्रेस ने जारी किया घोषणा पत्र
- फोटो : अमर उजाला
नगर निगम के अधिकार क्षेत्र में आनेवाली सभी डिस्पेंसरियों को आधुनिक तकनीक से पूर्ण अस्पतालों में तब्दील किया जाएगा। पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल ने कहा कि लोग नोट बंदी से परेशान हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस 20 वार्डों में जीत हासिल करके मेयर बनाएगी। मेयर बनाने में मनोनीत पार्षदों के वोट की जरूरत नहीं पड़ेगी।
बंसल से जब पूछा गया कि भाजपा के स्टार प्रचारक चंडीगढ़ में अपने पार्टी के उम्मीदवारों के लिए प्रचार करने आ रहे हैं कांग्रेस ऐसा क्यों नहीं कर रही है?
इस पर पवन कुमार बंसल ने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा के स्टार प्रचारक क्या कहकर जा रहे हैं। भाजपा वाले अरुण जेटली को बुलाते। वह बक्सों में भरकर नोट लाते, ताकि शहर के बैंकों और एटीएम में पैसा आता। लोग अपने ही पैसे के लिए लाइनों में लगे हैं।
भाजपा ने बड़ी रैलियां कर लाखों करोड़ों रुपये खर्च कर दिए। शहर के लोग सब समझ गए हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा जीतने वाली नहीं है। इस अवसर पर गुरप्रीत सिंह हैप्पी, सुनील चोपड़ा, भूपेंद्र सिंह बड़हेड़ी व अन्य नेता उपस्थित हुए।