चंडीगढ़। सेक्टर-41 कृष्णा मार्केट में कचरे का अंबार लगा हुआ है। लोगों ने इसकी फोटो स्वच्छता एप पर डाल दी। कुछ कर्मचारी आए और खानापूर्ति कर शिकायतकर्ता से फोन पर कहा कि सफाई हो गई।
जब शिकायतकर्ता ने कहा कि कचरा वहीं पड़ा है तो कर्मचारी बोले, एप पर मत डालना हम मिल लेते हैं। यह हालत है शहर की सफाई व्यवस्था की। सेक्टर-41 स्थित कृष्णा मार्केट के पीछे सफाई कर्मचारी प्रतिदिन कचरे का ढेर लगा देते हैं। दुकानदार कई बार कचरा रखने के लिए मना करते हैं तो कर्मचारी कचरा उठाकर ले जाने की बात कहते हैं। जब कोई सुनवाई नहीं हुई तो पंकज ने स्वच्छता एप पर शनिवार को कचरे के ढेर की फोटो डाल दी। सोमवार को कुछ सफाई कर्मचारी मौके पर पहुंचे और कचरा हटाने की खानापूर्ति कर शिकायतकर्ता को फोन पर बताया कि सफाई हो गई है।
शिकायतकर्ता मौके पर पहुंचा तो कचरा वैसे का वैसे ही पड़ा था। शिकायतकर्ता ने कर्मचारी को फोन कर कहा कि कचरा तो यहीं पड़ा है तो कर्मचारी बोला स्वच्छता एप पर मत डालिए फोटो मैं कल आकर आपसे मिल लेता हूं। शिकायतकर्ता ने कहा कि कचरा मंगलवार तक साफ नहीं हुआ तो फिर एप पर फोटो डालूंगा और कमिश्नर से भी शिकायत करूंगा। उसके बाद कर्मचारी ने फिर से सफाई का आश्वासन दिया। दुकानदारों का कहना है कि सफाई कर्मचारी सामने से निकल जाते हैं, लेकिन किसी को कचरा नहीं दिखता, जबकि शहर को स्वच्छता में नंबर वन रैंकिंग पर लाने का दावा किया जाता है।