हर साल की तरह इस बार भी चंडीगढ़ कार्निवाल अपने आप में अलग और खास होगा। 25 नवंबर से लेजर वैली में शुरू होने वाले इस कार्निवाल की थीम फैंटेसी रहेगी। इसकी जानकारी बुधवार को यूटी गेस्ट हाउस में आयोजित प्रेस कॉफ्रेंस के दौरान होम सेक्रेटरी अनुराग अग्रवाल और कल्चरल अफेयर्स के डायरेक्टर जितेंद्र यादव ने दी।
गृह सचिव ने बताया कि कार्निवाल में शेक्सपीयर पर केंद्रित इंटरनेशनल लेवल की एग्जिबिशन लगाई जाएगी। इसमें उनकी पुस्तकों से लेकर उनसे संबंधित अन्य चीजों को भी डिस्प्ले किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके पीछे हमारा मकसद लोगों को कार्निवाल में ही शेक्सपीयर से मिलाने का है। इसके अलावा कार्निवाल में ऑर्गन डोनेशन के लिए लोगों को प्रमोट किया जाएगा।
अनुराग अग्रवाल ने कहा कि पिछले साल कार्निवाल की थीम ‘मेरे सपनों का शहर’ था, लेकिन इस बार स्टूडेंट्स की डिमांड के कारण जो फ्लोट्स बनाते हैं उन्हें किसी एक थीम में न बांधने के कारण यह थीम रखी गई है।
डायरेक्टर जितेंद्र यादव ने कहा कि इस बार मेन स्टेज को भी अलग ढंग से डिजाइन किया गया है जो कि किसी बॉलीवुड इवेंट से कम नहीं होगा। इसमें एलइडी का विशेष प्रबंध किया गया है। इसके अलावा फेस्टिव लुक देने के लिए गुब्बारों की एक छत भी बनाई गई है।