आगामी एक अप्रैल से चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रात 12 बजे भी विमान उतर सकेंगे। कुछ एयरलाइंस ने रात 12 बजे जहाज एयरपोर्ट पर उतारने और सुबह 6 बजे उड़ान भरने का प्रस्ताव रखा है। साथ ही एयरपोर्ट पर 6 विमानों के पार्किंग करने की सुविधा भी उपलब्ध हो गई है। पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट में यह जानकारी केंद्र सरकार की ओर से असिस्टेंट सॉलिसिटर जनरल चेतन मित्तल ने दी है। इस पर हाईकोर्ट ने सभी हित धारकों को एयरपोर्ट पर लंबित कार्यों से जुड़ी स्टेटस रिपोर्ट सौंपने के आदेश दिए हैं।
केस की सुनवाई आरंभ होते ही हाईकोर्ट ने मित्तल से रनवे के बारे में जानकारी मांगी। मित्तल ने हाईकोर्ट को बताया कि रनवे और पैरलल टैक्सी ट्रैक निर्माण का काम जारी है। इस दौरान कुछ अतिरिक्त लाइटों की जरूरत महसूस हुई है, जिसे उपलब्ध करवाया जा रहा है। इसके साथ ही यह भी बताया गया कि 15 मार्च तक एयरपोर्ट को 24 घंटे ऑपरेशनल कर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट पर अब विमानों को पार्किंग की सुविधा देने की भी व्यवस्था की जा रही है, जिससे एयरपोर्ट को रेवेन्यू का लाभ होगा। इसके साथ ही कुछ एयरलाइंस ने अप्रोच किया है कि वे अपने विमान रात 12 बजे एयरपोर्ट पर उतारेंगे और सुबह 6 बजे यहां से उड़ान भरेंगे। इस प्रस्ताव को लेकर अभी विचार किया जा रहा है।
समय से पूरा करें अधूरे कार्य
हाईकोर्ट ने कहा कि एयरपोर्ट में जो भी लंबित काम है वह समय से पूरा हो, यह सुनिश्चित किया जाना जरूरी है। इसके लिए सभी हित धारकों को मिलकर काम करना चाहिए। कोर्ट ने कहा कि अभी तक क्या काम हुआ है और क्या होना बाकी है तथा इसमें कितना समय लगेगा इसको लेकर सभी हितधारक स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करें। यह स्टेटस रिपोर्ट अगली सुनवाई के दो दिन पहले एमिकस क्यूरी को उपलब्ध करवाई जाए ताकि वह इसका अध्ययन कर सुनवाई के दौरान कोर्ट की मदद कर सकें। हाईकोर्ट ने अब सुनवाई 13 फरवरी को निर्धारित की है।