यूटी प्रशासन के विभिन्न विभागों में डीसी रेट पर नियुक्त आउटसोर्स इंप्लाइज के लिए खुशखबरी है। प्रशासन ने डीसी रेट में 10 फीसदी बढ़ोतरी कर दी है। प्रशासन के इस फैसले से एजूकेशन डिपार्टमेंट और नगर निगम समेत अन्य सरकारी विभागों में आउटसोर्स पर काम करने वाले करीब छह हजार से अधिक कर्मचारियों को सीधा लाभ होगा। संशोधित डीसी रेट 1 अप्रैल 2019 से मान्य होगा। कर्मचारियों को अप्रैल से अगस्त का एरियर भी दिया जाएगा।
डीसी रेट के तहत 112 कैटेगरी में आने वाले कर्मचारियों को संशोधित डीसी रेट का लाभ मिलेगा। वीरवार को डिप्टी कमिश्नर मनदीप सिंह बराड़ की अध्यक्षता में संपन्न हुई मीटिंग के बाद यूटी के आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए खुशखबरी मिली। बैठक में न्यूनतम वेतन और डीसी रेट बढ़ाने को लेकर चर्चा की गई। इसके बाद डीसी रेट में 10 प्रतिशत की वृद्धि पर सहमति बन गई। मीटिंग में फैसला लिया गया कि डीसी रेट पर काम करने वाले ठेका कर्मियों को न्यूनतम वेतन एक्ट के अंदर नहीं लाया जाएगा।
बैठक में फैसला लिया गया कि 1 अप्रैल 2019 से डीसी रेट में दस फीसदी बढ़ोतरी की जाए। इस संदर्भ में डीसी मनदीप सिंह बराड़ ने बताया कि प्राइवेट वर्करों के डीसी रेट बढ़ाने के लिए विभिन्न यूनियन के प्रतिनिधियों के सुझाव के मुताबिक ही डीसी रेट निर्धारित किया गया है।