चंडीगढ़ में चार अलग-अलग सड़क हादसों में युवती समेत चार की मौत हो गई। दो हादसे सेक्टर 47, जबकि एक-एक दड़वा और सेक्टर-36 में हुआ। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। एक मामले में पुलिस ने कार चालक को गिरफ्तार कर लिया बाकी के मामलों में आरोपी की तलाश जारी है।
सोमवार को सेक्टर-47 स्थित मकान नंबर 401 के पास पंचकूला सेक्टर-26 निवासी रोहतास कुमार (30) की स्विफ्ट कार की चपेट में आने से मौत हो गई। सेक्टर-31 थाना पुलिस ने आरोपी कार चालक सेक्टर-47 के निवासी सतीश कुमार को मौके से गिरफ्तार कर लिया। बाद में सतीश को जमानत पर छोड़ दिया गया।
दूसरा हादसा दड़वा में शाम करीब 8.00 बजे हुआ। रायुपर खुर्द निवासी सतीश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मनीमाजरा निवासी अपने जीजा नरेश (35) के साथ मोटरसाइकिल पर रायपुर खुर्द से मनीमाजरा जा रहा था। जैसे ही वो दड़वा श्मशान घाट के पास पहुंचे तो एक तेज रफ्तार कार चालक उनको टक्कर मारकर फरार हो गया। हादसे की सूचना पुलिस को दी। पीसीआर ने घायल नरेश को जीएमसीएच-32 में भर्ती करवाया जहां उसकी मौत हो गई। इंडस्ट्रियल एरिया फेज एक पुलिस स्टेशन ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।