चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी में शुक्रवार और शनिवार को ग्लोबल एलुमनी मीट होने जा रही है। उपराष्ट्रपति जगदीप धनकड़ इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गईं है। वीरवार शाम को लॉ ऑडिटोरियम में रिहर्सल भी की गई, जिसमें वीसी प्रो. राजकुमार भी पहुंचे। एलुमनी मीट में देश-विदेश से 800 एलुमनी पीयू पहुंचेंगे। वहीं, कई लोग ऑनलाइन माध्यम से भी जुड़ेंगे। पहली बार एलुमनी मीट ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यम में आयोजित हो रही है।
कोरोना महामारी के कारण पीयू की ओर से दो साल बाद एलुमनी मीट को ऑफलाइन माध्यम से कराया जा रहा है। पहले दो साल इसे ऑनलाइन ही कराया गया। इस वर्ष पीयू ने सभी एलुमनी को कार्यक्रम से जोड़ने के लिए नई पहल की है। डीन एलुमनी रिलेशंस प्रो. अनुपमा शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में हर बैच के विद्यार्थियों को निमंत्रण भेजा गया है। पीयू एलुमनी एसोसिएशन के पास दस हजार एलुमनी रजिस्टर्ड हैं और सभी को एलुमनी मीट का लिंक ई-मेल किया गया है और लिंकड्इन पर भी साझा किया गया है।
एयरबस के साउथ एशिया के हेड सन्नी गुगलानी भी रहेंगे मौजूद
प्रो. अनुपमा ने बताया कि ट्रेनिंग के कारण ओलंपियन नीरज चोपड़ा कार्यक्रम में शिरकत नहीं हो पाएंगे। वहीं, निशानेबाज अंजुम मौदगिल, यूआईईटी के एयरबस में साउथ एशिया के हेड सन्नी मुगलानी, टायनोर के हेड पीजे सिंह, मामा एर्थ की फाउंडर गजल इत्यादि कार्यक्रम में शिरकत कर रहे हैं। कार्यक्रम में यूएसए, यूके, कनाडा, अफगानिस्तान, सिंगापुर, न्यूजीलैंड आदि देशों में कार्य कर रहे पीयू के पुराने विद्यार्थियों पहुंच रहे हैं।
पंजाब के राज्यपाल और केंद्रीय मंत्री सोमप्रकाश भी करेंगे शिरकत
ग्लोबल एलुमनी मीट में चार नवंबर को पंजाब के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित और केंद्रीय मंत्री सोमप्रकाश भी मौजूद रहेंगे। पांच नवंबर को पीयू के विभागों में भी विभागीय स्तर पर एलुमनी मीट आयोजित होगी। देश-विदेश से आए एलुमनी विभागों के विद्यार्थियों के साथ इस कार्यक्रम में रूबरू होंगे।
सड़कों और पार्कों की हुई सफाई : एलुमनी मीट के चलते सिक्योरिटी व्यवस्था वीरवार को ही सख्त रही। वहीं मुख्य कार्यक्रम लॉ ऑडिटोरियम के आस-पास के गार्डन और सड़कों की सफाई करवाई गई। इसके साथ ही पेड़-पौधों की छंटनी भी करवाई गई है।
छात्रों की रहेगी छुट्टी, स्टूडेंट सेंटर शाम चार बजे तक बंद
ग्लोबल एलुमनी मीट के चलते शुक्रवार को कक्षाएं बंद रहेंगी और विद्यार्थियों की छुट्टी रहेगी। वहीं, स्टूडेंट सेंटर की दुकानें सुबह 6 बजे से लेकर शाम चार बजे तक बंद रहेंगी। इससे कि पीयू परिसर में ट्रैफिक और पार्किंग को लेकर समस्या नहीं आएगी।
गेट नंबर-1 से लॉ ऑडिटोरियम तक का रास्ता आम लोगों के लिए रहेगा बंद
पंजाब यूनिवर्सिटी में उपराष्ट्रपति के आगमन के चलते वीरवार सुबह 9 बजे से लेकर अपराह्रन तीन बजे तक गेट नंबर-1 (पीजीआई के सामने) बंद रहेगा। यहां से सिर्फ वीवीआईपी एंट्री की ही अनुमति रहेगी। वीवीआईपी के लिए रूट गेट नंबर-1 वाया गांधी भवन से लॉ ऑडिटोरिम रहेगा। इस रूट पर किसी भी व्हीकल को खड़ा करने की अनुमति भी नहीं होगी। मेहमानों को उनको निमंत्रण पत्र में दी गई पार्किंग में ही गाड़ियां खड़ी करनी हैं। अगर कोई गाड़ी अनाधिकृत क्षेत्र में पार्क की हुई मिली तो यातायात पुलिस उसे उठवा लेगी। गेट नंबर-2 से वीआईपी, गेस्ट, फैकल्टी, छात्र और पीयू स्टाफ की एंट्री होगी। गेट नंबर तीन से सुबह 6 बजे से लेकर रात 10 बजे तक आईडी कार्ड की जांच के साथ ही एंट्री की अनुमति होगी।