दिसंबर में 7वां चंडीगढ़ नेशनल क्रॉफ्ट मेले का आयोजन किया जाएगा। जानकारी अनुसार 25 दिसंबर से 3 जनवरी 2016 तक नेशनल क्रॉफ्ट मेले का आयोजन मनीमाजरा स्थित कलाग्राम में होगा। इस साल क्रॉफ्ट मेले का थीम नार्थ टू नार्थ ईस्ट (कश्मीर टू कोहिमा) तय किया गया है।
देश भर के कारीगर मेले में हिस्सा लेने के लिए पहुंचेंगे। खरीदारी के साथ लोगों को पंजाब, हरियाणा, राजस्थान के लजीज व्यंजनों का भी स्वाद चखने को मिलेगा। कल्चरल सेक्रेटरी की अध्यक्षता में हुई मीटिंग में नेशनल क्रॉफ्ट मेले की तैयारियों का जायजा लिया गया।
बैठक में पिछले सालों में क्रॉफ्ट मेले में पार्किंग की समस्या को लेकर अधिकारियों ने चर्चा की। इंजीनियरिंग विभाग और नगर निगम अधिकारियों को इस बार पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए । क्रॉफ्ट मेले की देश भर में पब्लिसिटी के लिए टूरिज्म विभाग, टैगोर थियेटर और एनएचसीसी की वेबसाइट पर पूरी जानकारी डाली जाएगी।
क्रॉफ्ट मेले में नेशनल से इंटरनेशनल स्तर का करने पर भी मीटिंग में चर्चा हुई है। अधिकारियों ने क्रॉफ्ट मेले में विदेशों से भी कारीगरों को बुलाने का प्रस्ताव तैयार किया है। क्रॉफ्ट मेले की तैयारियों को लेकर संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ नवंबर के पहले हफ्ते में फिर से मीटिंग बुलाई जाएगी।
3 से 6 दिसंबर चंडीगढ़ आर्ट एंड हेरिटेज फेस्टिवल
शहर के लोगों के लिए यूटी प्रशासन 3 से 6 दिसंबर तक चंडीगढ़ आर्ट एंड हेरिटेज फेस्टिवल का आयोजन करने जा रहा है। 3 दिसंबर को फेस्टिवल का उद्घाटन होगा। 4 दिसंबर को टैगोर में विवेकानंद नाटक का मंचन किया जाएगा। 5 दिसंबर को टैगोर में मुशायरा होगा। फेस्टिवल के अंतिम दिन 6 दिसंबर को लेजर वैली में मास्टर सलीम प्रस्तुति देंगे। हेरिटेज फेस्टिवल के लिए यूटी प्रशासन करीब 6 लाख रुपय का बजट निर्धारित किया है।